चंदौली में औद्योगिक हब के निर्माण को PWD उपलब्ध कराएगा भूमि, 10 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
चंदौली में बहुउद्देशीय ट्रांसपोर्ट व औद्योगिक हब के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिसके लिए लोक निर्माण विभाग भूमि उपलब्ध कराएगा। इस 53 एकड़ के हब ...और पढ़ें

औद्योगिक हब के निर्माण को PWD उपलब्ध कराएगा भूमि।
HighLights
चंदौली में बहुउद्देशीय औद्योगिक हब निर्माण का रास्ता साफ।
लोक निर्माण विभाग 53 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगा।
10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
जागरण संवाददाता, चंदौली। जिले में बहुउद्देशीय ट्रांसपोर्ट व औद्योगिक हब बनाए जाने का रास्ता साफ हो गया है। पिछले दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित कैबिनेट की बैठक में हब के निर्माण को लेकर हरी झंडी दे दी गई है। इसके निर्माण के लिए भूमि लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
चंदौली के सैयदराजा (बगही कुंभापुर) में लगभग 53 एकड़ भूमि पर 69 करोड़ 52 लाख की लागत से एक बड़ा बहुउद्देशीय हब विकसित करने का प्रस्ताव 2023 में ही शासन को भेजा गया था।
इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी लेकिन भूमि को लेकर पेंच फंसा था। कैबिनेट की बैठक में भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी लोक निर्माण को दे दिया गया है।
जानकारों का कहना है कि औद्योगिक हब के निर्माण से जिले का आर्थिक विकास के साथ ही साथ रोजगार सृजन भी होगा। जनपद के लोगों को वाराणसी सहित अन्य महानगरों में नहीं जाना पड़ेगा। जनपद के साथ ही साथ बिहार के लोग भी इसका लाभ मिलेगा।
बहुउद्देशीय हब में होगी यह सुविधाएं
अतिथि गृह व पार्किंग, पेट्रोल पंप, ईवी चार्जिंग स्टेशन, कार वाश व सर्विस फ्रेट एरिया, सर्विस स्टेशन, जलपान ग्रह, प्रसाधन, बस डिपो, रोडवेज बस वर्कशाप, किसान माल, एक जनपद एक उत्पाद, ओवर हेड टैंक, मिनी स्पोट्स, कांप्लेक्स के अलावा मौजूदा तालाब का सुंदरीकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में व्यापार, परिवहन सुविधाओं और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार और वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से बेहतर जुड़ाव होगा।
यूपी-बिहार सीमा पर औद्योगिक हब के निर्माण से जनपद के आर्थिक विकास, रोजगार के साथ ही साथ व्यापार भी बढ़ेगा। एक ही छत के नीचे हर सुविधाएं मिलेंगी। प्रदेश में प्रवेश करते ही लाेगों एक ही परिसर में होटल, पेट्रोल पंप सहित अन्य सुविधा मिल जाएगी। -आर, जगत साई, मुख्य विकास अधिकारी।
यह भी पढ़ें- बोल-बम के जयघोष से गूंजा पीडीडीयू जंक्शन, प्लेटफॉर्म पर कांवरियों की भीड़