बलिया में सरकारी लाइब्रेरी का शुरू हुआ निर्माण कार्य, विद्यार्थियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
बस्ती के राजकीय पुस्तकालय का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो गया है, जिससे छात्रों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

राजकीय लाइब्रेरी का शुरू हुआ निर्माण कार्य।
HighLights
पुस्तकालय में एसी, सीसीटीवी, कंप्यूटर जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक निधि और सीडीओ के प्रस्ताव से मिला 98 लाख का फंड।
जर्जर छत की मरम्मत, फॉल सीलिंग और सौंदर्यीकरण कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, बस्ती। कई वर्षों से टपकती छत के नीचे, सड़ रही आलमारी में रखी किताबों के बीच दुश्वारियों में अध्ययन करते छात्रों की प्रशासन ने सुध ली है। सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल के प्रयास से जीआईसी स्कूल के निकट राजकीय पुस्तकालय को सजाने, संवारने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
आने वाले दिनों में एसी, सीसी कैमरे, कंप्यूटर तथा आधुनिक कुर्सी मेज सहित अन्य सुविधाएं यहां अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों को मिलेंगी।
सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव ने विधायक निधि से राजकीय पुस्तकालय को संवारने के लिए 41.46 लाख रुपये उपलब्ध कराएं हैं। जिसमें पुस्तकालय के हाल का टायलीकरण, एयरकंडीशन, सीसी कैमरा तथा परिसर के अंदर चारों तरफ सीसी रोड का निर्माण कराया जाना है। पांच दिन से मजदूर टायलीकरण करने में जुटे हुए हैं।
जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने पहल करते हुए 57.22 लाख का प्रस्ताव अलग से तैयार कराया है। इसमें छत टपकने की समस्या को देखते हुए छत के उपरी हिस्से का मरम्मत करने के साथ ही फाल सीलिंग, वाल पर पैनल लगाने तथा विद्युतीकरण और आधुनिक लाइटिंग आदि कार्य कराए जाएंगे।
जब से मरम्मत कार्य शुरू हुआ तबसे यहां अध्ययन कार्य पूरी तरह ठप है। इसके पहले यहां नियमित 55-60 विद्यार्थी अध्ययन करने आते थे। इसी तरह राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय प्रकाश वर्मा के प्रयास से स्कूल छूटने के बाद 12-15 छात्र-छात्राएं नियमित अध्ययन करने इस पुस्तकालय में आते रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि राजकीय पुस्तकालय को जिले का माडल पुस्तकालय बनाया जाएगा। परिसर के अंदर चारो तरफ सीसी रोड बनाने के साथ ही बैठने के लिए बेंच लगाए जाएंगे। फूल पौधे लगाकर परिसर को पार्क जैसा खुबसूरत बनाया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी के देखरेख में आने वाले एक से डेढ़ माह के अंदर नए रंग रूप में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित पुस्तकालय विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगा।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में 5.17 करोड़ की लागत से बनेगा नाला, देवीपाटन क्षेत्र के लोगों को होगा लाभ
