विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावधान! मोबाइल-लैपटॉप पर ज्यादा वक्त बिताना बना रहा है हड्डियां कमजोर, युवाओं में तेजी से बढ़ी बीमारी

Published: Wed, 19 Aug 2026 04:10 PM (IST)

मोबाइल और लैपटॉप के अत्यधिक उपयोग से हड्डियां कमजोर हो रही हैं, खासकर युवाओं में गर्दन व कमर दर्द की ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. लैपटॉप को गोद में न रखकर करें काम, सुबह की धूप और एक्सरसाइज बहुत जरूरी

जागरण संवाददाता, बरेली। मोबाइल और लैपटाप पर लंबे समय तक झुककर काम करना लोगों की हड्डियों और जोड़ों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। गलत तरीके से बैठने के कारण कमर दर्द, गर्दन दर्द, कंधों में जकड़न और रीढ़ संबंधी समस्याओं के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि सही मुद्रा में मोबाइल व लैपटाप देखने, नियमित व्यायाम और सुबह की धूप लेने से हड्डियां और जोड़ मजबूत होंगे और कई बीमारियों से छुटकारा मिल जाएगा।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. संजय सिंह ने बताया कि ओपीडी में पहले जहां हड्डी रोग के मरीजों की संख्या 150 से 200 तक रहती थी जो अब बढ़कर 300-350 तक पहुंच गई है।

ओपीडी में युवा भी गर्दन, कमर और जोड़ों में दर्द की शिकायतें लेकर आते हैं। इसके पीछे की मुख्य वजह देर तक लेटकर या फिर गर्दन झुकाकर मोबाइल को देखना है। अब लोगों का ज्यादा समय मोबाइल पर बीतता है और एक्सरसाइज पर बिल्कुल समय नहीं देते हैं।

वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. रवि मेहरा ने बताया कि कमर और गर्दन दर्द की समस्या अब युवाओं में भी तेजी से बढ़ रही है। यहां तक कि छोटे बच्चों में भी समस्या हो रही है।

उन्होंने बताया कि लगभग 10 साल पहले बहुत कम लोगों को दिक्कत होती थी लेकिन अब संख्या काफी बढ़ गई है। इसकी मुख्य वजह घंटों तक मोबाइल चलाना, लैपटाप पर लगातार काम करना और बीच-बीच में शरीर को आराम न देना है।

कई लोग लैपटाप को गोद में रखकर चलाते हैं, जिससे परेशानी और अधिक बढ़ जाती है, जबकि लैपटाॅप को डेस्क पर रखकर और कुर्सी पर ठीक से बैठकर ही चलाना चाहिए। बैठने का पोस्चर भी ठीक होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सबसे पहले सुबह की धूप लें ताकि विटामिन डी की कमी न हो। इसके अलावा मांसपेशियों में खिंचाव वाली एक्सरसाइज अवश्य करें। नियमित व्यायाम, कैल्शियम व विटामिन-डी युक्त संतुलित आहार हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं।

यह भी पढ़ें- ट्रेन में यात्रा करते समय सावधान! बदायूं-बरेली रूट पर युवक पर फेंका गया पत्थर, पैर में आया फ्रैक्चर