विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में फिर ढहा हर घर जल योजना का ढांचा: मीरगंज में निर्माणाधीन पानी की टंकी की सीढ़ियां गिरीं, एक मजदूर की मौत और दो घायल

Published: Mon, 07 Sep 2026 06:09 PM (IST)Updated: Mon, 07 Sep 2026 10:45 PM (IST)

बरेली के मीरगंज में निर्माणाधीन पानी की टंकी की शटरिंग फिसलने से तीन मजदूर घायल हो गए, जिसमें 20 वर्षीय ...और पढ़ें

इसी निर्माणाधीन टैंक की गिरी थी शटरिंग

इसी निर्माणाधीन टैंक की गिरी थी शटरिंग

HighLights

  1. मीरगंज के बकेनिया बीरपुर में वर्ष-2023 से पानी की टंकी बना रही एनसीसी

  2. मई में आंवला के सरदार नगर में ओवरहेड गिरने से पांच ग्रामीण हुए थे घायल

संवाद सूत्र, दुनका (बरेली)। हर घर नल, हर घर जल परियोजना के तहत निर्माणाधीन एक और पानी की टंकी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। सोमवार दोपहर मीरगंज के बकेनिया बीरपुर में वर्ष-2023 से निर्माणाधीन पानी की टंकी की सीढ़ियां गिरने से नीचे काम कर रहे तीन कामगार चपेट में आ गए।

गंभीर रूप से घायल कामगारों को अस्पताल भेजा गया, मगर एक युवक ने दम तोड़ दिया और दो का गंभीर अवस्था में इलाज जारी है। घटना के बाद कार्यदायी संस्था के अभियंता और जिम्मेदार मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों 50 प्रतिशत से अधिक तक बनी टंकी की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करते हुए विस्तृत जांच की मांग उठा दी। जल निगम ग्रामीण की ओर से जिले में वर्ष-2019 में हर घर नल हर घर जल योजना शुरू की गई।

टेंडर प्रक्रिया के बाद हैदराबाद की एनसीसी लिमिटेड हैदराबाद को 1801 राजस्व गांव में पानी की नई लाइन डालने के साथ 888 ट्यूबवेल, 877 ओवर हेड टैंक, 851 सोलर प्लांट का काम शत-प्रतिशत पूर्ण करने की जिम्मेदारी दी गई।

मगर, चार मई को आंवला तहसील के आलमपुर जाफराबाद स्थित सरदार नगर में पानी की टंकी जमींदोज होने की घटना अभी शांत नहीं हुई थी कि सोमवार को मीरगंज के बकेनिया बीरपुर में वर्ष-2023 से बन रही पानी की टंकी की सीढ़ियां सोमवार को निर्माण के दौरान अचानक भरभरा कर गिर गईं।

इससे टंकी के नीचे काम कर रहे नवाबगंज निवासी 20 वर्षीय वरुण और बिसारतगंज निवासी राजेशपुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य कामगार हेतराम को मामूली चोट पहुंची।

वरुण और राजेश को जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान वरुण की सांसे थम गईं और राजेश की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया।

साढ़े तीन साल में भी पूर्ण नहीं हो सकी टंकी का निर्माण

बकेनिया बीरपुर में फरवरी-2023 से एनसीसी लिमिटेड की ओर से काम किया जा रहा है। परियोजना के तहत 327 गृह नल संयोजन किया जाना है। अब तक सिर्फ पिलर और उसकी सीढ़ियों का ही निर्माण किया जा सका है।

साढ़े तीन वर्ष से चल रहे निर्माण कार्य को बीच-बीच में रोक-रोक कर किया जा रहा है। सोमवार को काम करने के दौरान टंकी की सीढ़ियां भरभरा कर गिर गईं, इससे निर्माणधीन टैंक भी दक्षिण दिशा की तरफ झुक गया।

जिसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण चंद्रपाल, रामेश्वर दयाल, पूरनलाल आदि ने मामले की जांच कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों में अब तक पेयजल आपूर्ति नहीं होने से रोष दिखा।

मौके से गायब हो गया ठेकेदार, विभाग भी जवाब देने से बचता रहा

बकेनिया बीरपुर में हादसे के बाद कार्यदायी संस्था एनसीसी लि. के अभियंता व कर्मचारी मौके से फरार हो गए। जबकि जल निगम के अभियंता भी मौके पर मौजूद नहीं मिले। देर शाम एसडीएम निधि शुक्ला ने जल निगम के अभियंताओं को तलब कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने अभियंताओं की लचर कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाते हुए घटना में प्रभावित हुए लोगों व उनके स्वजन से भी मुलाकात की। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

 

निर्माणाधीन टंकी की सीढ़ियां गिरने से तीन मजदूर चपेट में आ गए, जिसमें एक की मौत हो गई, दो का इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण में जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उच्चाधिकारियों को भी पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया गया है।

- निधि शुक्ला, एसडीएम, मीरगंज

यह भी पढ़ें- बरेली में मानसून का रौद्र रूप: 24 घंटे में रिकॉर्ड 381.1mm बारिश, डूबा शहर, रेलवे स्टेशन पर भी भरा पानी