बरेली में स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग महिला की मौत, जिले में मिले 5 नए मरीज
बरेली में स्वाइन फ्लू से एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गई और पांच नए मामले दर्ज किए गए हैं। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
बरेली में स्वाइन फ्लू से एक बुजुर्ग महिला की दुखद मौत।
जिले में स्वाइन फ्लू के पांच नए मामले दर्ज किए गए।
मुरादाबाद नगरायुक्त समेत चार लोग स्वाइन फ्लू से संक्रमित।
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में स्वाइन फ्लू के संक्रमण एक बुजुर्ग महिला की मौत भी हो गई और पांच नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा मुरादाबाद नगरायुक्त भी संक्रमित पाए गए हैं। बरेली में संक्रमित मरीजों में तीन बुजुर्ग और एक 11 वर्षीय बच्चा शामिल है।
पिछले 11 दिनों में जिले में कुल 13 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। मुरादाबाद में चार लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुजुर्ग महिला को एक सप्ताह पहले बुखार आने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
महिला का कैंसर का इलाज चल रहा था। सीएमओ डा. विश्राम सिंह के अनुसार संक्रमित मरीजों की जानकारी जुटाई जा रही है और सर्विलांस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। संक्रमितों के संपर्क में आए स्वजन को दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगर आयुक्त समेत चार स्वाइन फ्लू संक्रमित
मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल समेत चार में संक्रमण की पुष्टि हुई है। नगर आयुक्त को पिछले एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। जांच कराने पर संक्रमण का पता चला। उनकी बेटी, पत्नी और पिता भी बुखार से पीड़ित हैं।
फिलहाल सभी होम आइसोलेट हैं। इनके अलावा कांठ निवासी वयोवृद्ध महिला को 10 दिन से बुखार आ रहा था। कांठ रोड के अस्पताल में पुष्टि के बाद स्वजन ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा दो महिलाएं भी स्वाइन फ्लू पाजिटिव मिलीं। जिला सर्विलांस अधिकारी डा.प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अब संक्रमितों की संख्या 27 पहुंच चुकी है।
