Bareilly Ring Road: चौबारी पर बनेंगे 2 नए ROB, रेलवे से मिली NOC; अब बदायूं-मथुरा जाना होगा आसान
बरेली रिंग रोड पर चौबारी में दो आरओबी बनाने के लिए रेलवे से एनओसी मिल गई है, जिससे बदायूं-मथुरा जाने वाले वाहनों को शहर के जाम से मुक्ति मिलेगी। 824 क ...और पढ़ें

चौबारी क्षेत्र में चल रहा रिंग रोड का निर्माण। सौ. एमएचएआइ
HighLights
रिंग रोड पर चार बड़े व सात छोटे पुल के अलावा सात माइनर जंक्शन भी बनेंगे
कमलेश शर्मा, बरेली। झुमका तिराहा के निकट धंतिया गांव से इन्वर्टिस तक 824 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे रिंग रोड आबादी के बीच से गुजर रहा है, मार्ग में चार जगह रेलवे लाइन भी आ रही है। झुमका तिराहा के पास धंतिया, चौबारी और इन्वर्टिस के पास आरओबी बनाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को चौबारी पर दो आरओबी निर्माण के लिए एनओसी दे दी है।
झुमका तिराहा और इन्वर्टिस के पास बनने वाले आरओबी की एनओसी की प्रक्रिया अभी चल रही है। बड़ा बाइपास बन जाने के बाद शाहजहांपुर की तरफ से आने वाले वाहन शहर के बाहर से ही नैनीताल, मुरादाबाद और दिल्ली की ओर निकल जा रहे हैं। इसी मार्ग से वाहनों की वापसी भी हो जा रही है।

बीसलपुर रोड स्थित नवदिया झादा पर सिक्सलेन फ्लाईओवर निर्माण का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बदायूं, कासगंज, मथुरा की तरफ जाने के लिए वाहनों को शहर के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इसकी वजह से जगह-जगह जाम की स्थिति रहती है।
इस समस्या का स्थायी निदान कराने के लिए 29.920 किमी रिंग रोड निर्माण कराया जा रहा है। एनएचएआइ ने निर्माण कार्य तो चार महीना पहले शुरू करा दिया है। चयनित जमीन समतलीकरण कराने के साथ मिट्टी का भराव कराया जा रहा है। रिंग रोड में चार आरओबी का निर्माण कराया जाना है।
खबरें और भी
चौबारी पर दो आरओबी बनाए जाएंगे, वजह यहां से दो रेलवे लाइनें निकल रही हैं। एक बरेली-चंदौसी लाइन तो दूसरी बरेली-कासगंज लाइन है। रेलवे ने यहां दो आरओबी निर्माण के लिए एनओसी दे दी है। धंतिया और इन्वर्टिस के पास भी आरओबी का निर्माण होना है, लेकिन इनकी अभी तक एनओसी नहीं मिल सकी है।
दावा किया जा रहा है कि इनकी भी प्रक्रिया चल रही है, जल्द एनओसी मिल जाने की उम्मीद है। रिंग रोड पर चार बड़े व सात छोटे पुल के अलावा रिंग रोड पर सात माइनर जंक्शन भी बनाए जाएंगे।
आठ स्थानों पर बस यात्रियों के लिए यात्री शेड जबकि सात माइनर जंक्शन का निर्माण कराया जाएगा। रिंग रोड पर 16.990 किमी की बनेगी सर्विसलेन बनवाने की कार्ययोजना शामिल है। एनएचएआइ के अधिकारियों का दावा है कि अब तक 15 प्रतिशत काम हुआ है, निर्माण की गति बढ़ाई जा रही है।
रिंग रोड का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। अब तक 15 प्रतिशत कार्य हुआ है। चौबारी पर दो आरओबी का निर्माण कराने के लिए रेलवे से एनओसी प्राप्त हो गई है, जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। दो और आरओबी के लिए एनओसी लेने की प्रक्रिया चल रही है। कुछ जगह छोटे-मोटे अवरोध हैं, जिनका प्रशासन के सहयोग से निस्तारण कराया जा रहा है।
- नवरत्न, परियोजना निदेशक एनएचएआइ
यह भी पढ़ें- बरेली एयरपोर्ट का महा-विस्तार! अब एक साथ खड़ी होंगी 10 एयरबस, इन नए शहरों के लिए शुरू होगी फ्लाइट
यह भी पढ़ें- बरेली से बदायूं जाना हुआ सुपरफास्ट, लेकिन जेब होगी ढीली! हाईवे पर शुरू होने जा रहे 2 नए टोल टैक्स