बरेली से बदायूं जाना हुआ सुपरफास्ट, लेकिन जेब होगी ढीली! हाईवे पर शुरू होने जा रहे 2 नए टोल टैक्स
बरेली-बदायूं हाईवे के चौड़ीकरण से वाहनों की रफ्तार बढ़ी है, जिससे यात्रा का समय कम हो गया है। हालांकि, इस मार्ग पर जल्द ही दो नए टोल प्लाजा शुरू होने ...और पढ़ें

रामगंगा पुल पार बदांयू रोड पर सड़क चौड़ीकरण का चल रहा काम। जागरण
HighLights
695 करोड़ रुपये की लागत से 38.500 किमी का चौड़ीकरण
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली-बदायूं हाईवे चौड़ीकरण में जगह-जगह अवरोध समाप्त होने से वाहनों की रफ्तार बढ़ने लगी है। चौबारी से सरदार नगर के बीच डायवर्जन ज्यादा है, लेकिन उसके आगे जगह-जगह एक साइड में सड़क बन जाने से वाहन तेजी से निकलने लगे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचने में भी अब समय कम लग रहा है। इस रोड पर कोई टोल नहीं है, लेकिन हाईवे बन जाने के बाद बरेली से कछला के बीच दो जगह नए टोल प्लाजा शुरू हो जाएगा।
सड़क मार्ग से मथुरा तक का सफर सुगम बनाने के लिए चल रहे बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के कार्य की गति तेज हुई है। 695 करोड़ रुपये की लागत से बरेली से बदायूं के बीच 38.500 किमी हाईवे का चौड़ीकरण कराया जा रहा है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बदायूं शाखा ने जब सड़कों की खोदाई शुरू कराई थी तब वाहनों के निकलने में काफी दिक्कतें आ रही थीं। बरेली से बदायूं के बीच में 20 जगह डायवर्जन किया गया था। जगह-जगह पुल, पुलिया, अंडरपास का निर्माण होने के साथ चौड़ी हो चुकी सड़कों पर एक साइड से वाहनों को निकाला जा रहा है।
चौबारी पर फ्लाइओवर निर्माण का काम भी तेज हो गया है। रामगंगा पुल के पास बन रहा फ्लाइओवर रिंग रोड से जुड़ जाएगा। नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण के बाद बरेली-बदायूं के बीच टोल प्लाजा बनना तो पहले से तय था, लेकिन अब स्थान चिह्नित कर लिया गया है।
खबरें और भी
भमोरा से देवचरा तक बन रहे बाइपास का काम पूरा होते ही टोल प्लाजा निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके अलावा कछला में भी टोल प्लाजा बनाया जा रहा है। हाल ही में गंगा एक्सप्रेसवे चालू हो जाने के बाद अब बरेली से भी लोग हाईवे से निकलकर बिनावर में एक्सप्रेसवे पर पहुंच रहे हैं।
एनएचएआइ के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि हाईवे चौड़ीकरण का काम तेजी से कराया जा रहा है। आगामी नवंबर 2027 तक परियोजना पूर्ण कराने का लक्ष्य है, समय से पहले परियोजना को पूर्ण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।