स्मार्ट सिटी बरेली में जलप्रलय: 3.5 घंटे की बारिश में सड़कें डूबीं, ट्रैक्टर पर निकले नगर आयुक्त, देखें वायरल वीडियो
स्मार्ट सिटी बरेली में साढ़े तीन घंटे की तेज बारिश से जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त हो गई, जिससे सड़कों और ...और पढ़ें
HighLights
रविवार दोपहर हुई तेज वर्षा से विकास भवन रोड, रामपुर गार्डन, आवास विकास, राजेंद्रनगर जैसे पाश इलाकों में भी जलभराव
संजय नगर रेजिडेंसी गार्डन और संपवेल वाली गली में नगर आयुक्त ने ट्रैक्टर पर बैठ किया जलभराव वाले क्षेत्र का निरीक्षण
जागरण संवाददाता, बरेली। स्मार्ट सिटी बरेली में रविवार दोपहर साढ़े तीन घंटे की तेज वर्षा से जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त हो गई। सड़क से लेकर गलियों और निचले क्षेत्र में लोगों के घरों में पानी घुस गया। संजय नगर के रेजिडेंसी गार्डन कालोनी और संपवेल वाली में पानी भरने से नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ट्रैक्टर से निरीक्षण करने पहुंचे।
बदायूं रोड स्थित तिलक कालोनी, मढ़ीनाथ, डेलापीर समेत कई अन्य निचले क्षेत्र में लोगों के घरों में पानी घुस गया। लोग अपने घर से पानी निकालने के लिए जद्दोजहद करते रहे।
शहर में जल निकासी को नगर निगम की ओर से इस वर्ष सभी छोटे-बड़े नाले-नालियों की सफाई के लिए 4.5 करोड़ खर्च किया। मगर, रविवार दोपहर एक बजे से साढ़े चार बजे तक हुई तेज वर्षा से जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई।
ट्रैक्टर पर बैठ निरीक्षण को पहुंचे नगर आयुक्त pic.twitter.com/HGh5SdcVUV
— anshul saxena (@rudrasaxena)
स्टेडियम रोड स्थित रेजिडेंसी गार्डन कालोनी में तीन फीट से अधिक पानी भर गया। नगर निगम की ओर से संपवेल में लगाई गई चार मोटरों में से एक भी मोटर संचालित नहीं होने से आमजन में रोष फैल गया।
स्थानीय लोगों ने ठेकेदार गौरव कुमार से शिकायत के बाद भी ठोस पहल नहीं होने से आमजन ने महापौर डा. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य से शिकायत की।
कुछ ही देर बाद नगर आयुक्त मौके पर हालात का निरीक्षण करने पहुंच गए। कालोनी के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, संरक्षक शोभित सक्सेना ने बताया कि हर वर्षा में ऐसे ही हालात होते हैं और हर बार आश्वासन दिया जाता है। संपवेल संचालन में लगी एजेंसी द्वारा मनमानी करने का आरोप लगाया। नगर आयुक्त ने जलकल महाप्रबंधक को ठेकेदार के साथ तलब कर लिया।
पुराने मुहल्लों में भी जलनिकासी ठप, गड्ढों में गिरे बाइक सवार
शहर में रविवार दोपहर हुई तेज वर्षा से निचले क्षेत्र के साथ पाश एरिया में शुमार रामपुर गार्डन, राजेंद्रनगर, डीडीपुरम समेत अन्य क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।
पुराने शहर के जगतपुर, आकाशपुरम, बिहारीपुर सौदागरान, दरगाह आला हजरत मोड़, मलूकपुर बजरिया, बमनपुरी समेत कई प्रमुख इलाकों में सड़कें पानी में पूरी तरह डूब गईं।
सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को ढेरों दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गंदा पानी दुकान व घरों के अंदर घुस जाने से सामान खराब होने की स्थिति बन गई।
पानी में गड्ढे न दिखने के कारण कई बाइक सवार वाहन चालक फिसलकर गिर गए और गाड़ियां बंद होने से लोग धक्का लगाने को मजबूर दिखे। स्थानीय लोगों के अनुसार, मलूकपुर बजरिया, सौदागरान और आसपास के कई बड़े मुहल्लों की जलनिकासी का मुख्य जरिया 'टक्कर की पुलिया' है।
यह पुलिया अत्यधिक संकरी है, जिसके चलते भारी बारिश के समय पानी तेजी से आगे नहीं निकल पाता। निकासी बाधित होते ही नाला बैक मारने लगता है और कुछ ही देर में गंदा पानी मुख्य मार्गों और रिहायशी गलियों में जमा हो जाता है।
जनसेवा टीम के सदस्य पम्मी खां वारसी ने कहा कि 'टक्कर की पुलिया' पूरे इलाके के ड्रेनेज सिस्टम की रीढ़ है। जब तक इसका चौड़ीकरण नहीं होगा समस्या बनी रहेगी। नगर निगम पूरे ड्रेनेज सिस्टम का अविलंब तकनीकी सर्वे कराने की मांग की।
बिजली घरों में घुसा पानी, सड़क पर लगा जाम
कुछ घंटे की तेज वर्षा से डेलापीर-राजेंद्रनगर विद्युत उपकेंद्र में जलभराव से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। पार्षद शशि सक्सेना ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र में पानी निकालने की व्यवस्था नहीं होने से पूरे क्षेत्र की आपूर्ति प्रभावित हो गई। इसी तरह सिविल लाइंस, संजय नगर आदि क्षेत्र में देर शाम तक विद्युत आपूर्ति ठप रही।
