विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में बड़ा हादसा: किच्छा नदी के कटान से ताश के पत्तों की तरह ढही ₹3.97 करोड़ की पानी की टंकी

Published: Tue, 08 Sep 2026 06:45 PM (IST)

बरेली के बहेड़ी तहसील में किच्छा नदी के तेज बहाव से जल जीवन मिशन के तहत बन रही ₹3.97 करोड़ ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बरेली। जनपद में जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्रामीण और शहरी इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। इसी बीच बहेड़ी तहसील क्षेत्र के बैरमनगर गांव से एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां जल जीवन मिशन के तहत बन रही एक ओवरहेड पानी की टंकी धराशायी हो गई।

किच्छा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से किनारे की मिट्टी का भीषण कटाव हुआ, जिससे देखते ही देखते यह निर्माणाधीन टंकी पूरी तरह जमींदोज हो गई। लगभग ₹3.97 करोड़ की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना के अचानक ध्वस्त होने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने टंकी के निर्माण स्थल के चयन पर सवाल उठाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी के बिल्कुल पास असुरक्षित स्थान पर निर्माण की अनुमति दी गई।

उल्लेखनीय है कि इस परियोजना को वर्ष 2018-19 में स्वीकृति मिली थी, जिसके बाद प्रशासन ने बैरमनगर में जलनिगम को भूमि आवंटित की थी। जलनिगम के अधिकारियों का कहना है कि बजट और अन्य कारणों से पिछले एक साल से यहां निर्माण कार्य बंद पड़ा था।

नदी के तेज बहाव और कटान के कारण यह हादसा हुआ। भविष्य में जलभराव के खतरे को देखते हुए जलनिगम ने प्रशासन से नई सुरक्षित भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- बरेली में फिर ढहा हर घर जल योजना का ढांचा: मीरगंज में निर्माणाधीन पानी की टंकी की सीढ़ियां गिरीं, एक मजदूर की मौत और दो घायल