बरेली कॉलेज में हंगामा: छात्र संघ चुनाव और छात्रावास समेत इन प्रमुख मांगों को लेकर मैदान में उतरी सछास
बरेली कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा ने छात्र संघ चुनाव, छात्रावास और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने ...और पढ़ें

प्राचार्य से बातचीत करते सछास कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, बरेली। छात्रों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर समाजवादी छात्र सभा की ओर से बरेली कालेज में प्रदर्शन किया जा रहा है। प्राचार्य के बीसीए और भूगोल विभाग में आयोजित कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण कार्यकर्ता अभी बैरियर के पास एकत्रित हो रहे हैं।
छात्र सभा की ओर से जारी पोस्टर में प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, छात्र संघ चुनाव बहाल कराने, छात्रावास की व्यवस्था शीघ्र शुरू कराने तथा नियमित कक्षाएं और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
इसके अलावा बरेली कालेज के खेल मैदान का आधुनिकीकरण, सभी खेल गतिविधियों को नियमित रूप से शुरू कराने और स्विमिंग पूल, जिम व बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य खेल सुविधाओं को आधुनिक बनाने की मांग उठाई गई है।
छात्रों ने खेल मैदान को राजनीतिक एवं सरकारी आयोजनों से होने वाले नुकसान से बचाने और 75 प्रतिशत उपस्थिति के नियम को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग भी रखी है।
वहीं पुस्तकालय में नई शिक्षा नीति के अनुरूप नवीनतम पुस्तकें एवं अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने, छात्र-छात्राओं के लिए मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने तथा छात्र शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की गई है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल सिंह, मुकेश यादव, करन, रवि पंडित आदि कार्यकर्ता एकत्रित हैं।
