यूपी में पहला कैनाल फ्रंट: ग्रेटर बरेली में 3.4 किमी लंबी नहर किनारे बनेगी 'न्यू बरेली', पर्यटन और रोजगार को लगेंगे पंख
बरेली विकास प्राधिकरण ग्रेटर बरेली में प्रदेश का पहला 3.4 किमी लंबा कैनाल फ्रंट विकसित कर रहा है। यह परियोजना ...और पढ़ें

ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में विकसित होने वाले कैनाल फ्रंट का प्रस्तावित डिजाइन। सौ. बीडीए
HighLights
ग्रेटर बरेली में बनेगा भव्य कैनाल फ्रंट, फूल-फव्वारे, हरियाली और रोशनी से सजेगा शहर
3.4 किमी. लंबी नहर के जरिए पर्यावरण संरक्षण संग पर्यटन का नया केंद्र बनाने की योजना
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने प्रदेश में पहला कैनाल फ्रंट बनाने का निर्णय लिया है। इसे ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के सेक्टर-एक हिमाद्रि एंक्लेव और सेक्टर-दो शिवालिक एंक्लेव के मध्य से होकर गुजरने वाली जलधारा (नहर) के दोनों ओर विकसित किया जाएगा। इस कैनाल फ्रंट के जरिए बरेली की नई पहचान और पर्यटन के केंद्र के रूप में संवारा जाएगा।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर बरेली योजना में विकसित होने वाला कैनाल फ्रंट प्रदेश में अनूठी परियोजना के रूप में पहचान बनाएगी। इसके लिए शनिवार को बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने अधीनस्थों संग स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि, ग्रेटर बरेली का कैनाल फ्रंट शहर के आधुनिक एवं हरित स्वरूप को सामने लाने वाला नया पर्यटन का केंद्र बन सकता है। इसके जरिए, प्राकृतिक सुंदरता, हरित परिवेश और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
पीलीभीत रोड से प्रारंभ होकर योजना के मध्य से गुजरने वाली नहर (जलधारा) के दोनों किनारों को योजनाबद्ध ढंग से विकसित कर पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, जागिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, पुष्प सज्जा, फव्वारे, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के खेल क्षेत्र, बैठने के स्थान और खान-पान के केंद्र विकसित किए जाएंगे।
साथ ही भविष्य में कैनाल फ्रंट पर वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी आयोजित करने की भी परिकल्पना है, जहां सामाजिक संस्थाएं, उद्यान एवं पुष्प प्रेमियों और अन्य संगठनों को जनभागीदारी के माध्यम से मंच उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उपाध्यक्ष के अनुसार, कैनाल फ्रंट के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग विषयों पर आधारित कलात्मक संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इनमें फूलों, पक्षियों, पशु जगत और खेल एवं ज्ञान-विज्ञान से जुड़े रचनात्मक स्वरूप शामिल होंगे। क्रिकेट का बल्ला, शटलकाक, ग्लोब आदि विषयगत संरचनाएं बच्चों एवं युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
पर्यटन संग बड़ी संख्या में रोजगार सृजन का दावा
कैनाल फ्रंट के जरिए पर्यटकों एवं शहरवासियों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय खान-पान, छोटे व्यवसायों और सेवा गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने का दावा किया जा रहा है।
परियोजना के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिलने, जलधारा के दोनों ओर हरित क्षेत्र, पौधारोपण, पुष्प सज्जा और खुले सार्वजनिक स्थान विकसित होने से यह परियोजना पर्यावरण के प्रति बरेली की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगी और नागरिकों को प्रकृति के निकट स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराएगी। साथ ही बड़ी संख्या में रोजगार का भी सृजन होगा।
ग्रेटर बरेली को एक आधुनिक, सुंदर और नागरिक-केंद्रित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कैनाल फ्रंट इसी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रयास है कि जलधारा के दोनों ओर फूल, हरियाली, फव्वारे, प्रकाश व्यवस्था, खेल और मनोरंजन की सुविधाओं के साथ ऐसा सार्वजनिक स्थल विकसित हों, जो आमजन को बेहतर जीवन-पर्यावरण देने के साथ शहर को नई पहचान भी प्रदान करे।
- सौम्या पांडेय, उपाध्यक्ष, बीडीए
यह भी पढ़ें- बरेली में नया सर्किल रेट 25 अगस्त से होगा लागू, प्रशासन ने आपत्तियों के निस्तारण के बाद लिया निर्णय
