बरेली में नया सर्किल रेट 25 अगस्त से होगा लागू, प्रशासन ने आपत्तियों के निस्तारण के बाद लिया निर्णय
बरेली में प्रस्तावित नई सर्किल दरों पर आईं 137 आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है। 25 अगस्त से जिले ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में प्रस्तावित नई सर्किल दरों को लेकर आई 137 आपत्तियों का प्रशासन ने निस्तारण कर दिया है। सबसे अधिक 99 आपत्तियां ट्यूलिया क्षेत्र में कृषि भूमि की प्रस्तावित दरों को लेकर दर्ज कराई गई थीं। उनके निस्तारण के बाद 25 अगस्त से जिले में प्रस्तावित नई सर्किल दरें लागू हो जाएंगी।
बीते मंगलवार को जिले की सभी छह तहसीलों में उप निबंधक कार्यालयों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों की नई सर्किल दरें प्रस्तावित की गई थीं। इसके बाद प्रशासन ने प्रस्तावित दरों पर लोगों से आपत्तियां मांगी थीं।
कुल 137 आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनमें सीबीगंज के गांव ट्यूलिया से 99 आपत्तियां थीं। सभी ने कृषि भूमि दरों को बढ़ाने की मांग की थी। इसके साथ ही मीरगंज के रहपुरा जागीर के लोगों ने वहां के सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की थी।
ट्यूलिया में आवास-विकास के कालोनी आने के चलते दाम बढ़ाने की मांग थी। ट्यूलिया के किसानों ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि क्षेत्र नगरीय क्षेत्र बंडिया और परसाखेड़ा की सीमा से लगा हुआ है।
ऐसे में यहां की कृषि भूमि की सर्किल दरें भी दोनों क्षेत्रों के समान निर्धारित की जानी चाहिए। किसानों ने प्रस्तावित दरों में संशोधन की मांग की थी।
वहीं, ग्रीन पार्क क्षेत्र में प्रस्तावित सर्किल दर कम करने को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई गई थी। प्रशासन ने सभी आपत्तियों का परीक्षण करने के बाद उनका निस्तारण कर दिया है। अब नई दरों को अंतिम रूप देकर 25 अगस्त से लागू किया जाएगा।
कृषि यंत्रों के लिए ई-लाटरी से 270 किसानों का चयन
कृषि विभाग की ओर से किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए चलाई जा रही योजनाओं में शुक्रवार को ई-लाटरी के माध्यम से 270 किसानों का चयन किया गया। चयनित किसानों के यंत्र क्रय कर बिल पोर्टल पर अपलोड करने पर अनुदान की राशि उनके खाते में पहुंचेगी।
विकास भवन में सीडीओ देवयानी की मौजूदगी में आवेदन करने वाले किसानों का ई-लाटरी के माध्यम से चयन किया गया। सब मिशन आन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना में 110 यंत्रों के लाभार्थियों, प्रमोशन आफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फार इन-सीटू मैनेजमेंट आफ क्राप रेजिड्यू योजना में 64 कृषि यंत्रों के लाभार्थियों और सीडीपी योजना के अंतर्गत 96 कृषि यंत्रों के लिए किसान चयनित किए गए।
