बलिया के स्कूल परिसर में उगेंगी सब्जियां, ग्राम पंचायतों को सौंपी गई जिम्मेदारी
बलिया के नवानगर ब्लॉक में 11 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिकाएं विकसित की जाएंगी। इनसे बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को ताजी सब्जियां मिलेंगी, जि ...और पढ़ें

स्कूल परिसर में उगेंगी सब्जियां।
HighLights
नवानगर ब्लॉक के 11 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिका।
बच्चों, गर्भवती महिलाओं को मिलेंगी ताजी, पौष्टिक सब्जियां।
कुपोषण की रोकथाम में सहायक, ग्राम पंचायतें करेंगी निर्माण।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को ताजा एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए नवानगर विकासखंड में पोषण वाटिकाएं विकसित की जाएंगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत 11 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों का चयन किया गया है। प्रत्येक केंद्र के लिए पांच हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
निर्माण कार्य संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग की सूची के अनुसार खटंगा, सिकिया, बेलसड़ी, हडसर, कोथ, डुहा बिहरा, चेतन किशोर और सिवानकला ग्राम पंचायतों के 11 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित होगी। यहां पालक, मेथी, सहजन, टमाटर, भिंडी, लौकी, बैंगन सहित मौसमी हरी सब्जियां उगाई जाएंगी।
इनका उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित पूरक पोषण कार्यक्रम में किया जाएगा। अधिकांश चयनित आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालयों अथवा विभागीय भवनों में संचालित हैं। इन्हीं परिसरों में उपलब्ध खाली भूमि पर पोषण वाटिकाएं विकसित की जाएंगी।
संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वाटिका की देखरेख, सिंचाई और सब्जियों के उपयोग की जिम्मेदारी दी जाएगी। विभागीय स्तर से इसकी नियमित निगरानी होगी।
सीडीपीओ सरस्वती शाक्या ने बताया कि सभी 11 केंद्रों पर पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को ताजा सब्जियां उपलब्ध होंगी तथा कुपोषण की रोकथाम में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- चंदौली में औद्योगिक हब के निर्माण को PWD उपलब्ध कराएगा भूमि, 10 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार