शादी के दो दिन बाद दूल्हे को नशीला पदार्थ पिलाकर दुल्हन जेवरात-नगदी लेकर फरार, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Baghpat News: बागपत के बड़ौत क्षेत्र में शादी के दो दिन बाद एक दुल्हन अपनी बुआ के साथ घर से जेवरात, स्मार्टफोन और 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गई। पीड़ित युवक की शिकायत पर दुल्हन समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सभी आरोपित उत्तराखंड के उधम सिंह नगर निवासी।
आरोपितों में तीन महिलाएं भी शामिल।
जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। शादी के दो दिन बाद ही एक दुल्हन घर से जेवरात, स्मार्ट फोन व 40 हजार रुपये की नगदी समेटकर अपनी बुआ के साथ फरार हो गई। इससे पहले आरोपित दुल्हन ने नशीला पदार्थ देकर अपने पति और ननद को नशे में कर दिया।
पीड़ित युवक की तहरीर पर पत्नी समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। सभी आरोपित उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के रहने वाले हैं।
वाजिदपुर गांव के रहने वाले हरबीर ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि काशीपुर, उत्तराखंड निवासी कंवर सिंह ने उसकी शादी प्रियंका निवासी उत्तराखंड से सात जनवरी 2026 को उत्तराखंड की रुद्रपुर कोर्ट से कराई थी। उसके साथ शादी के दौरान उसकी बहन कविता व दोस्त चंदर भी गए थे।
कंवर सिंह ने शादी कराने की एवज में उससे एक लाख रुपये भी लिए थे। शादी के बाद सात जनवरी की रात लगभग साढ़े दस बजे वह अपने घर पर आ गए। उनके साथ उसकी पत्नी प्रियंका की बुआ रेवती भी आई थी। आठ जनवरी को उसने बड़ौत में अपनी पत्नी व उसकी बुआ को शापिंग भी कराई थी।
यह भी पढ़ें- कुख्यात विक्की त्यागी के बेटे समेत दो बदमाश मुठभेड़ में घायल, मध्य प्रदेश से अवैध हथियार तस्करी का चला रहे थे नेटवर्क
पीड़ित ने बताया कि उसी रात प्रियंका व रेवती दूध में नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी बहन की सोने की चेन, अंगूठी, 50 हजार रुपये, मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। उसके फोन से नौ जनवरी को 40 हजार रुपये रामपुर के हारुण मलिक को ट्रांसफर भी कर दिए।
यह भी पढ़ें- दस रुपये में फ्राइपैन न देने पर बर्तन विक्रेता को उतारा था मौत के घाट, UP पुलिस ने किया वारदात का राजफाश
पीड़ित ने बताया कि उसकी मां व पिता की मौत हो चुकी है जबकि बहन की शादी हो चुकी है। वह घर पर अकेला रहता है। इस फर्जीवाड़ा में कई और आरोपित शामिल हैं। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि जांच कर प्रियंका पुत्री राजेश शर्मा निवासी तीदोनी काठगोदाम, उधम सिंह नगर, रेवती निवासी उधम सिंह, कंवर सिंह पुत्र दिलीप सिंह निवासी काशीपुर आवास विकास कालोनी, उधम सिंह नगर, हरिओम व एक दंपति निवासी उधम सिंह, उत्तराखंड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

