विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दस रुपये में फ्राइपैन न देने पर बर्तन विक्रेता को उतारा था मौत के घाट, UP पुलि‍स ने कि‍या वारदात का राजफाश

By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Updated: Wed, 25 Feb 2026 06:12 AM (IST)

Baghpat News : बागपत पुलिस ने बर्तन विक्रेता शमशाद हत्याकांड का राजफाश कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गत 16 फरवरी को सुल्तानपुर हटाना गांव के पास शमशाद का शव मिला था।

News Article Hero Image

HighLights

  1. ईंट से सिर पर कई प्रहार कर की थी हत्‍या

  2. फ्राइपैन की कीमत को लेकर हुआ था विवाद।

जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर बर्तन विक्रेता शमशाद हत्याकांड का राजफाश किया है। पुलिस का दावा है कि वारदात को तीन आरोपितों ने अंजाम दिया था। 

काेतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि संभल जनपद का रहने वाला शमशाद गौरीपुर में किराए पर मकान लेकर रहता था और क्षेत्र में बाइक पर बर्तन बेचने का कार्य करता था। 16 फरवरी की शाम शमशाद का सुल्तानपुर हटाना गांव के पास जसवीर के नलकूप पर शव पड़ा मिला था। उसकी बाइक पर बर्तन लटके हुए थे। जसवीर ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ घटना का मुकदमा दर्ज कराया था।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक बुलेट पर सवार तीन संदिग्ध युवक इसी क्षेत्र में घूमते हुए दिखाई दिए। सर्विलांस के सहयोग से पुलिस को तीनों के बारे में पता चल गया। मंगलवार को पुलिस ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौत से बावली के बीच मोहित राठी पुत्र स्व. जयपाल व चमन पुत्र सुरेशपाल निवासी गांगनौली, दोघट को बुलेट पर पकड़ लिया।

दोनों से कोतवाली लाकर सघन पूछताछ की तो घटना का राजफाश कर दिया। मोहित और चमन ने जानकारी दी कि उन्होंने अपने गांव के साथी भूपेंद्र उर्फ भूरा के साथ शराब पी थी, जिसके बाद वह बुलेट पर घूम रहे थे। सुल्तानपुर हटाना गांव के पास बाइक पर सवार बर्तन विक्रेता मिला। भूपेंद्र उससे फ्राइपैन खरीदने लगा तो बर्तन विक्रेता ने 75 रुपये कीमत बताई।

मनोज कुमार चाहल ने बताया कि भूपेंद्र 10 रुपये में फ्राइपैन लेना चाह रहा था। इसी बीच बहस हो गई। भूपेंद्र ने फ्राइपैन से बर्तन विक्रेता के सिर में कई वार कर दिए, जिससे वह जमीन पर गिर गया। उसके बाद तीनों उसे नलकूप के पीछे खींचकर ले गए और ईंट से उसके सिर पर कई प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया।

इस घटना के बाद वे गांव में आ गए। आरोपितों से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट, फ्राइपैन व ईंट बरामद कर ली है। तीसरे आरोपित की तलाश की जा रही है।