विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी बोर्ड: बदायूं में नकल का अनोखा तरीका, मास्क के अंदर छिपे थे साइंस के फॉर्मूले; ऐसे पकड़ी गई छात्रा

Updated: Wed, 25 Feb 2026 09:07 PM (IST)

यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान बदायूं के बिसौली में नकल का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। हाईस्कूल की एक छात्रा मास्क पर विज्ञान के सूत्र (Science Formulas) लिखकर लाई थी। जानिए कैसे शिक्षकों ने उसे पकड़ा और फिर क्या कार्रवाई हुई।

राजकीय इंटर कालेज से परीक्षा देकर बाहर निकलते छात्र। जागरण

राजकीय इंटर कालेज से परीक्षा देकर बाहर निकलते छात्र। जागरण 

HighLights

  1. बिसौली के सिद्ध बाबा इंटर कालेज शरह बरौलिया का मामला

  2. कालेज के बाहर तलाशी के दौरान पकड़ी गई छात्रा, हिदायत देकर छोड़ा

जागरण संवाददाता, बदायूं। बुधवार को आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के दौरान पहली बार किसी छात्रा ने नकल लाने का प्रयास किया। वह अपने मास्क पर विज्ञान के सूत्र लिखकर लाई थी लेकिन कालेज के बाहर चेकिंग के दौरान ही पकड़ी गई। शिक्षकों ने उसका मास्क जब्त कर लिया और बाद में उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

उसके अलावा कहीं भी नकल लाने या नकल करने का मामला सामने नहीं आया। बताया जा रहा है कि बुधवार को विज्ञान का पेपर भी सरल आया था। इंटर रसायन विज्ञान के पेपर में जरूर न्यूमेरिकल प्रश्न कठिन आए लेकिन बाकी पेपर काफी सरल था, जिसे छात्र-छात्राओं ने आराम से हल कर दिया।

सुबह की पाली में हाईस्कूल विज्ञान का पेपर हुआ, जिसमें 40,221 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। उनमें 36,795 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी जबकि 3,426 छात्र छात्राएं अनुपस्थित रहे। दनके मुताबिक बुधवार को हाईस्कूल का पेपर काफी सरल आया। उसमें दिए गए सभी प्रश्न किताब से आए थे।

कोई अलग से प्रश्न नहीं दिया गया था, जिससे सभी छात्र-छात्राओं ने बड़े आराम से परीक्षा दी लेकिन इस दौरान बिसौली के सिद्ध बाबा इंटर कालेज शरह बरौलिया में एक छात्रा ने नकल लाने का प्रयास किया। वह अपने मास्क पर विज्ञान के सूत्र लिखकर लाई थी लेकिन कालेज के बाहर तलाशी के दौरान पकड़ी गई। बाद में उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

उसे परीक्षा में तो बैठाया गया लेकिन इस दौरान उस पर सख्त नजर रखी गई। पहली पाली में ही इंटर संगीत गायन व वादन का पेपर था, जिसमें 298 छात्राएं पंजीकृत थीं। उनमें 293 छात्राओं ने ही परीक्षा दी और पांच छात्राएं अनुपस्थित रहीं। इधर शाम की पाली में रसायन विज्ञान और समाजशास्त्र का पेपर हुआ।

दोनों ही पेपरों में 25,024 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। उनमें 23,419 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी और 1,605 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट समाजशास्त्र का पेपर तो काफी सरल था, जिसमें छात्र-छात्राओं ने दो-दो तीन-तीन कापियां भरीं लेकिन इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान के पेपर में न्यूमेरिकल प्रश्नों ने जरूर छात्र-छात्राओं को छका दिया। उनकी जगह आप्शन प्रश्न भी थे, जिससे छात्र-छात्राओं का पेपर अच्छा हो गया। जब वह कालेज से बाहर निकले तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी।

कालेज प्रशासन ने जलाया मास्क

सिद्ध बाबा इंटर कालेज शरह बरौलिया में परीक्षा से पहले बुधवार सुबह करीब आठ बजे छात्राओं की लाइन लगी थी। अध्यापिकाएं उनकी तलाशी ले रहीं थीं और एक-एक करके छात्राओं को अंदर भेज रही थी। इसी दौरान एक छात्रा अपने चेहरे पर लगे मास्को को ठीक कर रही थी।

उसे देखकर अध्यापिकाओं को कुछ अटपटा लगा। उन्होंने जैसे ही छात्रा की बारी आई कि उसका मास्क उतरवाया। जब उस पर विज्ञान के सूत्र लिखे देखे तो अध्यापिकाएं हैरान रह गईं। क्योंकि यह जिले का पहला मामला था। हालांकि छात्रा कालेज के अंदर प्रवेश नहीं हुई थी।

इसीलिए विद्यालय प्रशासन ने मामला वहीं रफा-दफा कर दिया गया। छात्रा का मास्क कब्जे में लेकर बाद में उसे जला दिया गया। फिर छात्रा को परीक्षा में बैठाया गया लेकिन उस पर सख्त नजर रखी गई।


यह भी पढ़ें- बदायूं की सड़कों पर 'मौत' का जाल! कहीं नीची पटरियां तो कहीं झाड़ियां बनीं काल, 3 दिन में 6 मौतें