Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'यहां हमारे नियम चलेंगे...' प्रवक्ता परीक्षा में उतरवाए अभ्यर्थियों के मंगलसूत्र और कलावा, नहीं ले जाने दी पानी की बोतल

    Updated: Mon, 15 Jun 2026 04:21 PM (IST)

    भीषण गर्मी में पानी की बोतल बाहर रखवाई, घड़ी भी 5 मिनट लेट... बदायूं के 12 केंद्रों पर हुई GIC प्रवक्ता परीक्षा में अभ्यर्थियों ने प्रशासन पर धार्मिक ...और पढ़ें

    शहर के राजकीय कन्या इंटर कालेज से परिक्षा देकर निकलते अभ्यर्थी। जागरण

    शहर के राजकीय कन्या इंटर कालेज से परिक्षा देकर निकलते अभ्यर्थी। जागरण

    HighLights

    1. कर्मचारियों ने कहा कि यहां चलेंगे हमारे नियम, हमे मिले हैं ऊपर से आदेश

    जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले के 12 केंद्रों पर आयोजित हुई जीआइसी प्रवक्ता परीक्षा के दौरान प्रशासन के दावे हवा हवाई निकले। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों में अव्यवस्थाओं और कर्मचारियों के अड़ियल रवैये को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।

    अभ्यर्थियों का आरोप है कि केंद्र पर तैनात प्रशासनिक स्टाफ ने उनके साथ बिल्कुल भी सहयोग नहीं किया। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से लेकर परीक्षा नियमों के उल्लंघन तक, अभ्यर्थियों ने पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

    परीक्षा केंद्रों पर सबसे ज्यादा विवाद धार्मिक प्रतीकों को उतरवाने को लेकर हुआ। महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि चेकिंग के नाम पर उनके मंगलसूत्र तक उतरवा दिए गए, वहीं पुरुष अभ्यर्थियों को कलावा काटने को कहा गया।

    अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रशासन के साफ निर्देश थे कि कलावा, जनेऊ या मंगलसूत्र जैसी धार्मिक वस्तुएं जबरदस्ती न उतरवाई जाएं। ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों, लेकिन ड्यूटी पर मुस्तैद कर्मचारियों ने मनमानी चलाई। पूछने पर कर्मचारियों ने ऊपर के आदेश का बहाना बनाया, लेकिन उनकी यह सख्ती एडमिट कार्ड के नियमों पर लागू नहीं दिखी।

    एडमिट कार्ड के निर्देशों में साफ लिखा था कि अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकते हैं। इसके बावजूद चेकिंग स्टाफ ने बोतलें बाहर रखवा दीं। भीषण गर्मी में अभ्यर्थियों को प्यासे बैठकर परीक्षा देनी पड़ी, जिससे उनकी परेशानी दोगुनी हो गई।

    सिर्फ इतना ही नहीं, परीक्षा हाल के प्रबंधन पर भी गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा कक्ष में लगी घड़ी का समय मुख्य समय से 5 मिनट लेट चल रहा था। इस तकनीकी खामी और तालमेल की कमी के कारण परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने को 5 मिनट कम मिले, जिससे कई अभ्यर्थियों का पेपर छूटने की नौबत आ गई।

    जीआइसी प्रवक्ता परीक्षा में प्रशासन की मनमानी दिखी। आयोग का स्पष्ट आदेश था कि अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल अंदर ले जा सकते हैं, तब भी मुझे बोतल ले जाने से रोक दिया गया। इस कारण गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। - विपिन पाण्डेय, सुल्तानपुर

    खबरें और भी

    परीक्षा केंद्र पर कुप्रबंधन का माहौल था। क्लासरूम में लगी घड़ी का समय सही नहीं था, वह वास्तविक समय से पूरे पांच मिनट लेट चल रही थी। समय की इस गड़बड़ी के कारण परीक्षा के दौरान टाइम मैनेजमेंट करना मुश्किल हो गया और हमारा कीमती समय बर्बाद हुआ। - मुकेश मिश्रा, शाहजहांपुर

    यह भी पढ़ें- बदायूं मनरेगा घोटाला: भीषण गर्मी में 'स्वेटर' वाली फोटो से खुली पोल, महिला मेट बर्खास्त; कार्य शून्य घोषित