बदायूं-बरेली में गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा: स्नान के दौरान नदी में डूबने से 7 की मौत
बदायूं और बरेली में गंगा दशहरा के अवसर पर स्नान करते समय 31 श्रद्धालु डूब गए। इनमें से 7 की मौत हो गई और एक बच्ची लापता है, जबकि शेष को बचा लिया गया। ...और पढ़ें

कछला गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु। जागरण
HighLights
एसएसपी की लोगों से गहरे पानी में नहीं जाने की अपील का भी नहीं हुआ असर
जागरण संवाददाता, बदायूं। गंगा दशहरा पर स्नान करते समय सोमवार को बदायूं व बरेली में 31 श्रद्धालु डूब गए। इनमें सात की मौत हो गई, एक बच्ची पानी में लापता है। शेष को गोताखोरों ने समय रहते बाहर निकाल लिया। बदायूं में डीएम अविनाश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा गंगा घाट पर पहुंचकर लोगों से गहरे पानी में नहीं जाने की अपील करती रहीं। इसके बावजूद, कई श्रद्धालु गंगा में आगे बढ़ते रहे।
सुबह आठ बजे हाथरस के गांव कानऊ निवासी ओमवीर अपने बेटे नीलेश और रिश्तेदारों के साथ कछला पहुंचे थे। वे सभी मुख्य घाट से एक किमी दूर एकांत में गंगा स्नान कर रहे थे। उसी समय नीलेश, विकास, चार वर्षीय कृष्णा, नीलेश की मौसी शालिनी, 10 वर्षीय शिखा व रिश्तेदार रोहित गहरे पानी में डूबने लगे। नाविक व गोताखोर सरवन, जाबिर, अनिल, नाजिर और सद्दाम ने तुरंत मदद के लिए गंगा में कूदे।
उन्होंने विकास, कृष्णा और शालिनी को सकुशल बाहर निकाल लिया। शाम को नीलेश और रोहित का शव निकाला जा सका, जबकि शिखा का पता नहीं चला। देर शाम तक टीमें उसे तलाशने में जुटी रहीं। कछला घाट पर गांव सिरसा दबरई निवासी राजकुमार, सूरज भी गहरे पानी में फंस गए। गोताखोर अनिल व फजले ने सूरज को सुरक्षित निकाल लिया मगर, राजकुमार की मौत हो गई।
अटैना घाट पर मैनपुरी के हुसैनपुर निवासी पिंटू डूब गए। उनके भाई अजय की चीखपुकार पर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने गोताखोर उतारे, कुछ देर बाद पिंटू का शव मिला। दोपहर तीन बजे फर्रुखाबाद के गांव न्यूनैहरा निवासी अनुपम व उनके मामा जितेंद्र स्नान करते समय तैरकर दूसरी पार जाने लगे।
खबरें और भी
भंवर में फंसने से अनुपम की डूबने से मौत हो गई। बरेली के गुलाबनगर गांव में बहगुल नदी में भी श्रद्धालु स्नान कर रहे थे। दोपहर को कस्बा फरीदपुर का 14 वर्षीय आदित्य ठाकुर पानी में डूबने लगा। यह देखकर बदायूं के बिनावर निवासी अभिषेक उसने बचाने दौड़ पड़े। वह भी गहरे पानी में चले गए। डेढ़ घंटे बाद उन दोनों के शव निकाले जा सके।
इन्हें गोताखोरों ने बचाया
बदायूं के कछला घाट पर हाथरस निवासी रामकेश, आनंद कुमार, प्रेमशंकर, रितिक, रोशनलाल, मुरादाबाद जिले की रानी और पिंकी, राजस्थान के नंदकिशोर, प्यारी देवी, गौरव पटेल, शोभित श्रीवास्तव, रतन लाल, नाहर सिंह और राजीव रंजन, एटा जिले में सिकंदरपुर निवासी आकाश तिवारी, प्रकाश और मुन्नीदेवी, मूसाझाग की अनीता देवी, प्रिंस राजपूत भी डूब गए थे। इन सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।