'अब पुलिस दूर करेगी बिजली संकट...' UPPCL ने जारी किया अजीब आदेश, तो यूपी पुलिस ने दिया ऐसा करारा जवाब
यूपीपीसीएल ने बदायूं पुलिस को बिजली समस्या सुलझाने का आदेश दिया, जिस पर पुलिस ने पलटवार करते हुए इसे विद्युत विभाग का काम बताया। यह मामला दहगवां उपकें ...और पढ़ें

बदायूं पुलिस को एक्स पर आदेश देती यूपीपीसीएल। स्त्रोत - इंटरनेट मीडिया
HighLights
एक्स पर हुई शिकायत पर यूपीपीसीएल ने दिया था बदायूं पुलिस को आदेश
आशीष देव मिश्रा, बदायूं। जिले में बिजली संकट से परेशान किसानों के प्रदर्शन के बाद इंटरनेट मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर दिलचस्प मामला सामने आया है। दहगवां विद्युत उपकेंद्र पर हुए हंगामे के बाद यूपीपीसीएल के आधिकारिक एक्स हैंडल को टैग करते हुए शिकायत की गई थी। जिस
पर यूपीपीसीएल ने बदायूं पुलिस को टैग करते हुए बिजली की समस्या हल करने का आदेश जारी कर दिया। इस अजीब फरमान पर बदायूं पुलिस ने भी तत्काल पलटवार करते हुए साफ किया कि यह मामला पूरी तरह बिजली विभाग का है और इसमें पुलिस का कोई हस्तक्षेप अपेक्षित नहीं है।
मामला दहगवां विद्युत उपकेंद्र का है। यहां पिछले एक महीने से बिजली न मिलने, लगातार हो रही भारी कटौती और जर्जर बिजली लाइनों से त्रस्त होकर स्थानीय किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने उपकेंद्र पर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
इसके बाद किसानों ने मांगों को लेकर अवर अभियंता को ज्ञापन भी सौंपा। विरोध प्रदर्शन को एक इंटरनेट मीडिया यूजर ने अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट करते हुए विभाग को टैग कर दिया।
इसके बाद यूपीपीसीएल के इंटरनेट मीडिया सेल के कर्मचारियों ने बिना सोचे-समझे बदायूं पुलिस को ही टैग करते हुए आदेश दे डाला कि पुलिस इस मामले को दिखवाए और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करे।
बिजली विभाग के इस गैर-जिम्मेदाराना ट्वीट ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया कि क्या अब पुलिस के पास कानून-व्यवस्था संभालने के अलावा और कोई काम नहीं बचा है, जो वह बिजली विभाग की कमियों और तकनीकी समस्याओं को भी दूर करेगी।
खबरें और भी
यूपीपीसीएल के इस कदम से इंटरनेट मीडिया पर विभाग की काफी किरकिरी हो रही है। बदायूं पुलिस ने बिना देर किए इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी और बेहद सधे हुए शब्दों में जवाब लिखकर विभाग को उसका काम याद दिलाया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिजली कटौती और बुनियादी ढांचे से जुड़ा यह मामला विशुद्ध रूप से विद्युत विभाग का है।
इसलिए इसमें पुलिस की तरफ से किसी भी प्रकार की कार्यवाही की आवश्यकता नहीं है। हालांकि बाद में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एक्स हैंडल से जवाब दिया गया। कहा गया कि दहगवां सब स्टेशन के अंतर्गत वर्तमान में अतिभारित के दृष्टिगत डबल ग्रुप सप्लाई की व्यवस्था की गई है, जिससे समस्या का समाधान हो सके।
यूपीपीसीएल की टेक्निकल टीम से भूलवश इस शिकायत को बदायूं पुलिस को टैग कर दिया गया था। इसका सही जवाब बाद में एमवीवीएनएल की ओर से दिया गया है।
- अजय कुमार, अधीक्षण अभियंता
यह भी पढ़ें- बदायूं मनरेगा घोटाला: भीषण गर्मी में 'स्वेटर' वाली फोटो से खुली पोल, महिला मेट बर्खास्त; कार्य शून्य घोषित