बदायूं मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत: अब 3 डिप्टी CMO खोलेंगे लापरवाही का राज
बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की कथित लापरवाही से मौत हो गई। सीएमओ ने मामले की जांच के लिए तीन डिप्टी सीएमओ की कमेट ...और पढ़ें

बदायूं राजकीय मेडिकल कालेज
HighLights
राजकीय मेडिकल कालेज में गलत तरह से कर दिया गया था महिला का आपरेशन, बाद में हो गई थी मृत्यु
जागरण संवाददाता, बदायूं। राजकीय मेडिकल कालेज में गलत आपरेशन के बाद महिला की मृत्यु के मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस ने भी कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इसकी शिकायत पर सीएमओ ने तीन डिप्टी सीएमओ को जांच सौंप दी है। उन्होंने कहा है कि इसमें जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
हजरतपुर थाना क्षेत्र निवासी शोभा चौहान पत्नी अनूप सिंह का राजकीय मेडिकल कालेज में पथरी का आपरेशन कराया गया था। आरोप था कि उनके आपरेशन में लापरवाही बरती गई। आपरेशन के दौरान जो पाइप डाला गया था, वह फेफड़ों में घुस गया था और उससे फेफड़े सिकुड़ गए थे। पेट में सड़ांध फैल गई थी।
जब स्वजन उसे दोबारा राजकीय मेडिकल कालेज लेकर आए तो डाक्टर ने महिला का दोबारा से आपरेशन कर दिया। उसके बाद से तो उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। बाद में उसे बरेली रेफर कर दिया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई और रात में उसकी मृत्यु हो गई।
इस मामले को लेकर स्वजन ने स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों से भी कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी अभिषेक कुमार ने भी इस मामले में जांच के आदेश दिए थे। इधर मेडिकल कालेज की ओर से भी कमेटी गठित कर दी गई है।
खबरें और भी
शुक्रवार को सीएमओ डा. मोहन झा ने तीन डिप्टी सीएमओ को जांच सौंप दी। इसमें डा. सनोज मिश्रा, डा. अमित रस्तोगी और डा. पवन जायसी को शामिल किया गया है। उनसे कहा कि वह चार-पांच दिन के अंदर जांच कर इसकी रिपोर्ट पेश करें, जिससे अगली कार्रवाई की जा सके।
इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। इसमें तीन डिप्टी सीएमओ को जांच सौंपी गई है। उन्हें कहा गया है कि वह चार-पांच दिन में इसकी जांच करें और रिपोर्ट पेश करें। उसके बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। इसकी रिपोर्ट शासन से भी मांगी गई है।
- डा. मोहन झा, सीएमओ