बदायूं में कांवड़ यात्रा के चलते रूट डायवर्जन मंगलवार रात तक बढ़ा: 4 दिन से थमे वाहनों के पहिए, हरिद्वार बसें बैरंग लौटीं
बदायूं में कांवड़ यात्रा और शिवतेरस के कारण रूट डायवर्जन मंगलवार रात तक बढ़ा दिया गया है, जिससे चार दिनों से वाहन फंसे हुए हैं। हरिद्वार जा रही रोडवेज ...और पढ़ें

सरदार पटेल चौक पर सड़क किनारे खड़े वाहन। जागरण
HighLights
मंगलवार को शिवतेरस की वजह से आगे बढ़ा रूटडायवर्जन
जागरण संवाददाता, बदायूं। श्रावण मास के चलते शहर में लागू रूट डायवर्जन की मार बाहर से आने वाले वाहनों पर पड़ रही है। खासकर ट्रक और स्लीपर बसें सबसे ज्यादा परेशान हैं। यह वाहन शुक्रवार रात से ही शहर के बाहरी चौराहों और रास्तों पर खड़े कर दिए गए हैं। चालकों का कहना है कि उन्हें कई परेशानियों से जूझना पड़ रहा है और उनका सामान भी समय से नहीं पहुंच पा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने अब रूट डायवर्जन को एक दिन और बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को शिवतेरस का पर्व है, जिसको देखते हुए यह फैसला लिया गया है। ऐसे में अब यह वाहन मंगलवार रात तक खड़े रहेंगे। यानी कुल चार दिन तक शहर के बाहर सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहेगी।
चालकों और व्यापारियों ने मांग की है कि डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक मार्ग पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं जिससे उन्हें दिक्कत न हो। इधर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि श्रावण और शिवतेरस के कारण भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। मंगलवार रात के बाद ही वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति मिल पाएगी।
मुरादाबाद से वापस लौटीं हरिद्वार जाने वाले रोडवेज बसें
कांवड़ यात्रा के चलते अब रूट और ज्यादा व्यस्त हो गए हैं। सभी जिलों में और मार्गों पर कांवड़ियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसकी वजह से तमाम वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। बताया जा रहा है कि हरिद्वार जाने वाले अधिकतर रास्तों पर नोएंट्री लगा दी गई है।
खबरें और भी
वहां केवल कांवड़ियों के लिए ही रूट निर्धारित कर दिया गया है। इसकी वजह से बदायूं से या दूसरे जिलों से जाने वाले वाहन मुरादाबाद में ही रोक दिए जा रहे हैं। सोमवार को बदायूं से रवाना हुई एक रोडवेज बस को मुरादाबाद में ही रोक दिया गया।
उसमें करीब 60 यात्री सवार थे और सभी हरिद्वार जा रहे थे लेकिन कांवड़ यात्रा के चलते आगे का रास्ता वाहनों के लिए बंद कर दिया गया। इससे रोडवेज बस को बैरंग लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि कुछ यात्री रास्ते में उतर गए थे और यात्री लौटकर बदायूं आ गए।
पटेल चौक पर खाली करा दी गईं स्लीपर बसें
शहर से रोजाना तमाम स्लीपर बसें होकर निकलती हैं और यह बसें दिल्ली, जयपुर और हिमांचल प्रदेश तक जाती हैं। शुक्रवार को इधर से निकल रहीं कई स्लीपर बसों को सरदार पटेल चौक पर रोक दिया गया और उनमें सवार यात्रियों को दूसरे छोटे वाहनों में बैठाकर शहर व उनके बताए स्थान पर भेज दिया गया, जिससे वह अपने गंतव्य तक पहुंच सके। वह स्लीपर बसें अभी भी सरदार पटेल चौक पर खड़ी हैं।