Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदायूं: बेटों की कलह बनी पिता की मौत की वजह, पुलिस बेटों को ले जाने लगी तो थम गई जहांगीर की सांसें

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 02:57 PM (IST)

    बदायूं में बेटों के झगड़े और पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिए जाने के सदमे से एक पिता की मौत हो गई। परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया है, और शव ...और पढ़ें

    एआई जेनरेटेड इमेज है।

    एआई जेनरेटेड इमेज है।

    जागरण संवाददाता, बदायूं। जिस पिता ने जिंदगी भर अपने बेटों को एक साथ रखने और उनके बीच प्यार बनाए रखने की कोशिश की, शुक्रवार को उन्हीं बेटों का झगड़ा उनकी जिंदगी का आखिरी सदमा बन गया। दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ता देख वृद्ध पिता उन्हें समझाने पहुंचे थे। पुलिस दोनों बेटों को हिरासत में लेने लगी तो उन्हें यह सदमा बर्दाश्त नहीं हुआ। अचानक तबीयत बिगड़ी और देखते ही देखते उनकी मौत हो गई।

    थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बल्लियां निवासी जहांगीर के दो बेटे बाबर और रियाजुल के बीच शुक्रवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर जहांगीर ने बीच में पहुंचकर दोनों को समझाने का प्रयास किया।

    बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। शुक्रवार को मामला बढ़ने पर एक पक्ष ने डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

    पुलिस दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठाने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेटों को पुलिस के साथ जाते देखकर जहांगीर घबरा गए। वह पहले से बीपी के मरीज बताए जा रहे थे।

    इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जहांगीर की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

    सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, मृतक के स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। स्वजन की इच्छा के अनुसार शव का बिना पोस्टमार्टम दफन किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- बदायूं: 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का मामला, आरोपी मोनिश पर POCSO एक्ट में FIR

    खबरें और भी