विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम मंदिर: चढ़ावा गणना कक्ष में कर्मचारियों की संख्या होगी कम, नोटों की गिनती के लिए लगेंगी मशीनें

Published: Thu, 08 Oct 2026 09:21 AM (IST)

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी सामने आने के बाद दान गणना प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।

अयोध्या राम मंदिर।

अयोध्या राम मंदिर।

HighLights

  1. चढ़ावा चोरी के बाद राम मंदिर गणना कक्ष में सुधार हो रहा है।

  2. कर्मचारियों की संख्या कम कर नोटों की गिनती मशीन से होगी।

  3. गणना कक्ष को अगले वर्ष तक नए स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे की गणना के दौरान चोरी सामने आने के बाद से गणना कक्ष में लगातार बदलाव हो रहे हैं। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पूर्णत: पालन शुरू होने के बाद अब कर्मचारियों की संख्या को कम करके मशीनें लगाने की योजना है।

साथ ही गणना कक्ष को स्थानांतरित करने की तैयारी है। नोटों की गिनती के लिए काउंटिंग व मूल्यवार नोटों को अलग करने के लिए शार्टिंग मशीन लगाई जाएगी।

गणना करा रहे भारतीय स्टेट बैंक की तरफ से इस प्रस्ताव से ट्रस्टियों वको अवगत करा दिया गया है। शीघ्र ही मशीनों से गिनती होगी। गणना कक्ष को अगले वर्ष तक नए स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा।

दर्शनार्थियों की ओर से अर्पित की जाने वाली धनराशि को एकत्रित करा कर अभी श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) में गणना कराई जा रही है।

जून में उजागर हुई चढ़ावा चोरी की जांच के दौरान कई प्रकार की अनियमितता मिलने पर गणना कक्ष की व्यवस्थाएं काफी हद तक सुधारी गईं। निगरानी के साथ अब सुरक्षा के भी विभिन्न उपाय किए गए हैं। अब एसबीआइ की ओर से गणना कर्मियों को कम करने की योजना बनाई गई है।

इसके स्थान पर मशीन लगाई जाएगी। अभी आउटसोर्सिंग एजेंसी व बैंक कर्मियों को मिलाकर एक शिफ्ट में 12-15 कर्मी गिनती कर रहे हैं। नोटों की बंडलिंग, गिनती और नोटों की छंटाई अभी कर्मचारी ही कर रहे हैं। काउंटिंग व शार्टिग मशीन लगने के बाद कम कर्मी काम करेंगे।

सूत्रों का कहना है कि क्वाइन काउंटिंग व शार्टिंग मशीन भी लगाने की योजना है। इससे सिक्कों की गिनती भी मशीन से हो सकेगी। ट्रस्ट की ओर से गणना का पर्यवेक्षण कर रहे एक कर्मी ने बताया कि बैंक की ओर से ट्रस्टियों व सीईओ को अवगत कराया जा चुका है।

मंदिरों का निर्माण करने वाली लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) कंपनी के कार्यालय छोड़ देने के बाद गणना कक्ष को परकोटे के बेसमेंट में शिफ्ट किया जाएगा। अभी वहां एलएंडटी का कार्यालय बना है, लेकिन उसे तैयार किया जा रहा है। अगले वर्ष तक परकोटे में ही गणना कराई जाएगी। पीएफसी का गणना कक्ष अस्थायी ही है।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: आरोपियों ने मांगे अभियाेजन के प्रपत्र, आरोप गठित करने की सुनवाई टली