विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मायापुरी में जलभराव के बीच गहरे पानी में डूबे 2 मासूम, पिता ने कूदकर बचाई जान; घरों से पलायन करने लगे लोग

Published: Tue, 11 Aug 2026 07:54 PM (IST)

गजरौला के मायापुरी में भारी बारिश से जलभराव के कारण दो मासूम बच्चे डूबने से बाल-बाल बचे, जिन्हें पिता ने ...और पढ़ें

गजरौला के मुहल्ला मायापुरी में वर्षा से हुआ जल भराव बच्चो को गोद में लेकर निकलते स्वजन। जागरण

गजरौला के मुहल्ला मायापुरी में वर्षा से हुआ जल भराव बच्चो को गोद में लेकर निकलते स्वजन। जागरण

HighLights

  1. शिकायत के बाद नगर पालिका ने लगाया पंपसेट

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। लगातार हो रही बारिश के कारण नगर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मुहल्ला मायापुरी की विश्वकर्मा वाली गली में भी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। घरों के आसपास पानी भरने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंगलवार को इसी जलभराव के बीच घर के बाहर खेल रहे दो मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों पर नजर पड़ते ही पिता ने पानी में कूदकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते बच्चों की जान बच जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

11JPN_7_11082026_342.JPG

मायापुरी की विश्वकर्मा वाली गली निवासी कविंद्र का पांच वर्षीय बेटा हर्षित और राजेश का चार वर्षीय बेटा गोलू घर के बाहर खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण गली में काफी पानी भरा हुआ था। खेलते-खेलते दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी की तरफ चले गए और पानी में डूबने लगे।

इसी दौरान राजेश की नजर बच्चों पर पड़ गई। उसने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी और दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया। बच्चों के सुरक्षित बचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद मुहल्ले के लोग पालिकाध्यक्ष के आवास पर पहुंचे तथा जलनिकासी कराने की मांग की।

11JPN_33_11082026_342.JPG

लोगों का कहना है कि कई बार पहले भी पालिका में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समाधान नहीं हुआ। दरअसल मुहल्ले से होते हुए पालिका द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा है। परंतु रेलवे लाइन के पास जाकर नाला निर्माण रुक गया है। जिसके चलते बरसात होने के बाद मुहल्ले में जलभराव हो जाता है।

रेलवे द्वारा नाला निर्माण के लिए एनओसी न मिलने के चलते यह दिक्कत आ रही है। मुहल्ले में जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर है कि कई लोगों के घरों में पानी घुस गया है। पंकज, किरणपाल, राहुल और परवीन समेत कई परिवार पानी भरने के कारण अपने घर छोड़कर दूसरे मकानों में किराये पर रह रहे हैं।

 

नाला निर्माण का कार्य रेलवे की अनुमति नहीं मिलने के कारण रुका हुआ है। रेलवे से अनुमति मिलते ही जल्द से जल्द नाला निर्माण का कार्य पूरा कराया जाएगा, जिससे लोगों की जलभराव की समस्या का समाधान हो सके। जलभराव की शिकायत मिलने के बाद मौके पर पंप लगवा दिए गए हैं। जल्द ही पंप के माध्यम से पानी की निकासी करा दी जाएगी।

- ललित कुमार आर्य, ईओ।


यह भी पढ़ें- अमरोहा में ₹26.88 लाख के घोटाले में पंचायत सचिव सस्पेंड, 9 प्रशासकों पर भी गिरेगी गाज; अधिकार होंगे सीज