अलीगढ़ में दर्दनाक हादसा: बिजली के पोल से टकराई स्कूटी, जीजा की मौत; साला घायल
अलीगढ़ में तस्वीर महल के पास एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कूटी बिजली के पोल से टकरा गई। इस दुर्घटना में जीजा की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तस्वीर महल के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई।
स्कूटी से तस्वीर महल आए थे
पुलिस के अनुसार बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला निवासी शनि अपने साले राहुल कुमार के साथ स्कूटी से तस्वीर महल आए थे। वहां से दोनों शमशाद मार्केट की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में साईं ढाबा के पास हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के चलते वहां इलाज नहीं मिल सका
घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचाया, लेकिन जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के चलते वहां इलाज नहीं मिल सका। इसके बाद दोनों को मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शनि को मृत घोषित कर दिया। राहुल कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यदि ट्रामा सेंटर में समय पर उपचार मिल जाता तो शायद शनि की जान बचाई जा सकती थी
स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि ट्रामा सेंटर में समय पर उपचार मिल जाता तो शायद शनि की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। राहुल मोमोज बेचने का काम करता है, जबकि शनि पेंटिंग का कार्य करता था। शनि की शादी पिछले वर्ष 12 नवंबर को हुई थी।