Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मामूली विवाद में हैवान बना पति, सब्बल से वार कर पत्नी को मार डाला; अलीगढ़ में हुई खौफनाक वारदात

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 12:21 AM (GMT+05:30)

    अलीगढ़ के खैर कोतवाली क्षेत्र के मऊ गांव में मामूली कहासुनी के बाद पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी विमलेश की लोहे के सब्बल से वार कर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. खैर के मऊ गांव में पति ने पत्नी की हत्या की।

    2. मामूली कहासुनी के बाद लोहे के सब्बल से हमला किया।

    3. 22 वर्षीय विमलेश की मौत, आरोपी पति फरार।

    संवाद सूत्र, अलीगढ़। खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव मऊ में पारिवारिक कलह के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी पर लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    घटना के बाद आरोपित पति मौके से फरार हो गया। बता दें कि बुलंदशहर जिले के थाना शिकारपुर अंतर्गत गांव धामिनी निवासी गिर्राज अहेरिया की पुत्री विमलेश की शादी दो वर्ष पूर्व खैर के गांव मऊ निवासी रवि अहेरिया के साथ हुई थी। दंपती की आठ माह की एक मासूम बेटी भी है।

    शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आपे से बाहर होकर रवि ने लोहे के सब्बल से पत्नी के सिर व शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने से विमलेश अचेत होकर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित रवि मौके से भाग निकला।

    चीख-पुकार सुनकर पहुंचे आरोपित के पिता मुकंदी लाल गंभीर रूप से घायल बहू को तत्काल सीएचसी खैर लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। सीएचसी के चिकित्सकों ने जांच के बाद विमलेश को मृत घोषित कर दिया। महज दो साल पहले बसी गृहस्थी का इस तरह दर्दनाक अंत और आठ माह की दूधमुही बच्ची के सिर से मां का साया उठने से गांव में शोक व सन्नाटे का माहौल है।

    खबरें और भी

    घटना की सूचना मिलते ही खैर कोतवाली पुलिस मौके व अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम मृतक महिला के पिता गिर्राज व दादी खैर सीएचसी पर पहुंचे। सीओ अभिषेक पटेल व इंस्पेक्टर संजीव कुमार, बरका चौकी इंचार्ज अमित कुमार पुलिस फ़ोर्स के साथ गांव मऊ पहुंचे और घटना स्थल का मौका मुआयना किया।

    इंस्पेक्टर संजीव कुमार का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष ग्राम धामिनी को घटना की सूचना दे दी गई है। स्वजनों के आने और उनकी ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपित पति रवि की तलाश में दबिश दे रही है।

    यह भी पढ़ें- जौहर विश्वविद्यालय मुद्दे पर अलीगढ़ में सपाइयों ने किया प्रदर्शन, पुलिस से हुई जमकर नोकझोंक