विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूएस ओपन: फ्रांस के मोनफिल्स ने पराग्वे के अडोल्फो वलेहो को हराया, ज्वेरेव ने सोनेगो को दी मात

Published: Thu, 03 Sep 2026 09:53 AM (IST)

शीर्ष वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने गैरवरीय लारेंजो सोनेगो के विरुद्ध संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की।

यूएस ओपन

यूएस ओपन

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। 2 सितंबर 1992, अमेरिकन टेनिस स्टार जिमी कानर्स ने अपने 40वें जन्मतिथि के दिन फ्लशिंग मीडोज में ब्राजील के हाइमे ओंसिंस को हराकर इस कोर्ट पर मुख्य ड्रॉ का कोई सिंगल्स मैच जीतने वाला सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने का रुतबा हासिल किया। इसके 10 बरस बाद, साल 2002 में अपना पहला जूनियर मैच खेलने वाले फ्रांस के गेल मोनफिल्स ने 34 साल बाद कानर्स की बराबरी कर ली है।

1 सितंबर मंगलवार को उन्होंने इसी कोर्ट पर पराग्वे के 22 वर्षीय अडोल्फो डैनिएल वलेहो को 2-6, 6-1, 6-2, 6-0 से हराया। वहीं, शीर्ष वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने गैरवरीय लारेंजो सोनेगो के विरुद्ध संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की। ज्वेरेव ने सोनेगो को 6-4, 3-6, 6-7(7), 7-5, 6-4 से शिकस्त दी।

ज्वेरेव चौथे सेट में 4-5 से हार से दो पाइंट दूर थे, फिर भी उन्होंने बाद के नियंत्रण हासिल किया और चार घंटे 53 मिनट तक चले मुकाबले में जत हासिल की। इससे पहले, मंगलवार को अपनी 40वीं जन्मतिथि मनाने वाले मोनफिल्स ने पहला सेट हारने के बाद जबरदस्त वापसी की और लगातार तीन सेट में वलेहो को वापसी का एक भी मौका नहीं दिया।

कोर्ट पर भले ही केक ना पहुंचा हो लेकिन मोनफिल्स का गेम उनके प्रशंसकों के लिए किसी भी केक से मीठा रहा। जन्मदिन मुबारक हो के शोर के बीच मोनफिल्स ने मैच के बाद कहा कि अपने चालीसवें जन्मदिन पर खेलना बहुत खास था, आप लोगों ने इसे अतुल्य बना दिया। बहुत शानदार माहौल के बीच मैंने आप लोगों के लिए बढ़िया प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश की।

पुरुषों के अन्य मैचों में पांचवीं वरीयता प्राप्त इटली के फ्लावियो कोबोली ने अर्जेंटीना के फ्रैंसिस्को कोमेसाना के विरुद्ध खूब लड़कर 3-6, 2-6, 6-3, 6-4, 6-4 से जीत हासिल की तो वहीं उन्हीं के देश के 13वें वरीयता प्राप्त लोरेंजो मुसेत्ती ने ब्रिटेन के आर्थर फेरी को 6-3, 6-3, 7-5 से हराया। अमेरिका के टेलर फ्रित्ज ने अपने ही देश के डार्विन ब्लैंच 6-3, 6-2, 6-4 से हराया।

रिबाकिना और आंद्रीवा जीतीं

महिला सिंगल्स के दूसरे वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त कजाकिस्तान की एलिना रिबाकिना ने चोट की चिंताओं को पीछे छोड़ते हुए पहले चरण के मुकाबले में अमेरिका की थिया फ्रोडिन को 6-3, 6-2 से हराया। सिनसिनाटी में लगी पैर की चोट के चलते उनके यूएस ओपन में खेलने पर संदेह के बादल थे लेकिन अपने दबदबे वाले खेल से रिबाकिना ने दिखा दिया कि वह पूरी तरह से फिट हैं।

रिबाकिना से हारी वाइल्ड कार्ड धारी फ्रोडिन ने सेरेना और वीनस बहनों की जिंदगी पर बनी फिल्म में सेरेना विलियम्स के बचपन का किरदार निभाया था। इस फिल्म के पांच साल बाद हो रहे उनके ग्रैंडस्लैम पदार्पण को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह था लेकिन ये उत्साह 17 वर्षीय फ्रोडिन की नैया पार नहीं लगा सका।

पांचवीं वरीयता प्राप्त मीरा आंद्रीवा ने इंडोनेशिया की जानिस जेन के विरुद्ध 6-2, 6-2 की आसान जीत दर्ज की। अमेरिका की मैडिसन कीज ने युवा रशियन खिलाड़ी अलीना कोरनीवा को 7-5, 6-4 से हराया।

यह भी पढ़ें- US Open: पांच महीने बाद कोर्ट पर लौटे कार्लोस अलकराज ने दिखाई क्लास, कलाई की चोट को पीछे छोड़ा

यह भी पढ़ें- फ्रेंच ओपन जीतने के बाद हटा दबाव, अब दिल मांगे मोर: ज्वेरेव