US Open: पांच महीने बाद कोर्ट पर लौटे कार्लोस अलकराज ने दिखाई क्लास, कलाई की चोट को पीछे छोड़ा
अलकराज ने यूएस ओपन के पहले राउंड में रोमान सफीउलिन को 6-4, 6-4 और 6-4 से हराया।
-1788321731487_m.webp)
कार्लोस अलकराज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। गीतकार समीर के पिता अंजान ने सालों पहले कलाइयों के महत्व पर एक सुप्रसिद्ध गीत लिखा था। आज का अर्जुन फिल्म का ये गीत आज भी बड़े चाव से सुना जाता है लेकिन यूएस ओपन की कापी कलाइयों पर लिखे गीत से क्यों शुरू हो रही है? क्योंकि कलाई की चोट ने मौजूदा टेनिस के बहुत बड़े सितारे स्पेन वासी कार्लोस अलकराज को खूब तंग किया।
ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर सिर्फ 22 साल की उम्र में करियर स्लैम पूरा करने वाले अलकराज जनवरी में राड लेवर अरेना से विजयी होकर निकले तो उन्हें दोबारा ग्रैंड स्लैम कोर्ट के दर्शन आर्थर ऐश स्टेडियम में ही हुए। बीच के आठ महीने उन्होंने कलाई की टेनोसिनोवाइटिस से जूझते हुए बिताए। हालांकि, वापसी कमाल रही और अलकराज ने यूएस ओपन के पहले राउंड में रोमान सफीउलिन को 6-4, 6-4 और 6-4 से हराया।
सोमवार को हुए मैच में अलकराज के खेल से स्पष्ट संकेत मिले कि वह कलाई की समस्या को पीछे छोड़ चुके हैं। अप्रैल के बाद पहली बार एक्शन में दिखे अलकराज ने मैच के बाद कहा कि मैं तो बस इतने में ही खुश हूं कि दोबारा खेल पाया। सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अलकराज अगर पूरा टूर्नामेंट फिट रह पाए तो उनके खिताब जीतने की पूरी संभावना रहेगी क्योंकि शीर्ष वरीय यानिक सिनर घुटने की चोट के चलते पहले ही बाहर थे और नंबर चार नोवाक जोकोविक पहले ही राउंड में हार गए।
139 दिनों बाद पहला सिंगल्स मैच जीतने वाले अलकराज ने यूएस ओपन के पहले मैच में रूस के रोमान को आसानी से हरा दिया। तीनों ही सेट में रोमान ने उन्हें टक्कर देने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। पुरुषों के अन्य मैचों की बात करें तो दसवीं वरीयता प्राप्त आर्थर फिल्स को गैरवरीय स्टेफानोस सितसिपास के हाथों 4-6, 7-6 (3), 6-1, 6-4 से मात मिली।
अपने करियर में पहली बार यूएस ओपन में गैरवरीय खिलाड़ी के रूप में उतरे सितसिपास ने लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में पहला सेट हारने के बाद कमाल की वापसी करते हुए अपने फोरहैंड्स की ताकत से फिल्स को पस्त कर दिया। स्विट्जरलैंड के 41 वर्षीय स्टैन वावरिंका ने इटली के मत्तेओ बेर्रात्तीनी के हाथों 7-6(4), 7-6(3), 6-0 की हार के साथ अपने आखिरी ग्रैंड स्लैम को अलविदा कहा।
वह इस सीजन के अंत में टेनिस से संन्यास ले रहे हैं। अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन ने नीदरलैंड्स के टालोन ग्रीकस्पूर के विरुद्ध पहला सेट हारने के बाद दमदार वापसी करते हुए 1-6, 6-1, 7-6(3), 6-2 से जीत हासिल की। अमेरिका के ही फ्रांसिस टियाफोइ ने हमवतन मार्टिन डैम को 6-4, 4-6, 3-6, 6-3, 6-4 से परास्त किया।
स्वियातेक, मुचोवा और सबालेंका की जीत
पूर्व विजेता इगा स्वियातेक, एरिना सबालेंका और पिछले सीजन की उपविजेता अमांडा अनिसिमोवा ने जीत के साथ यूएस ओपन के अगले चरण में जगह बना ली। आर्थर ऐश स्टेडियम में बेलारूस की सबालेंका ने कोलंबिया की कमीला ओसारियो को 6-2, 6-4 से हराया।
अमेरिकी खिलाड़ी अनिसिमोवा ने लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में अपने ही देश की एश्लिन क्रूगर के विरुद्ध 6-1, 6-3 से जीत दर्ज की जबकि विंबलडन की फाइनलिस्ट सातवीं वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा ने आस्ट्रिया की सिंजा क्राउस को 6-3, 6-0 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।
अमेरिका की एम्मा नवारो ने फ्रांस की लुइस बोइसन को 7-6(6), 6-7(1), 6-3 से मात दी जबकि उन्हीं के देश की टेलर टाउनसेंड ने पोलैंड की माजा च्वालिंस्का को 6-2, 6-3 से हराया।
