जन्माष्टमी पर क्यों होती है लड्डू गोपाल की पूजा? श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का रहस्य पढ़ें
जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल की पूजा का विशेष महत्व है, क्योंकि यह भगवान कृष्ण का बाल स्वरूप है। भक्त उन्हें ...और पढ़ें

जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल की पूजा क्यों है खास (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
लड्डू गोपाल भगवान कृष्ण का बाल स्वरूप हैं।
जन्माष्टमी पर उनकी पूजा का विशेष महत्व है।
उन्हें परिवार के सदस्य की तरह सेवा दी जाती है।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में, लड्डू गोपाल को मंदिर में रखे जाने वाले देवता के तौर पर नहीं देखा जाता, बल्कि उन्हें परिवार के एक प्यारे सदस्य की तरह माना जाता है। लोग घरमें लड्डू गोपाल की स्थापना करते हैं और नियमित उनकी सेवा पूरे सच्चे ह्रदय से करते हैं।
उन्हें जगाने से लेकर दिनभर सेवा और सुलाने तक के कई नियम बनाये गए हैं और उनका पालन भी जरूरी होता है। लड्डू गोपाल भगवान कृष्ण के बाल रूप को दर्शाते हैं, जो हिंदू धर्म में सबसे प्रिय देवताओं में से एक हैं।
कान्हा की प्यारी मुस्कान, चंचल स्वभाव और दिव्य मासूमियत लाखों भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करती है। वहीं कृष्ण के न जाने कितने स्वरूप होने के बाद भी जन्माष्टमी के पर्व पर लड्डू गोपाल की ही पूजा की जाती है। आइए जानें कान्हा के बाल रूप की पूजा के कारण और महत्व के बारे में।
जन्माष्टमी में क्यों की जाती है लड्डू गोपाल की पूजा?
जन्माष्टमी के दिन लड्डू गोपाल की पूजा इसलिए की जाती है क्योंकि इसी दिन श्री कृष्ण का जन्म हुआ था और इसी वजह से उनके बाल स्वरूप की पूजा से विशेष लाभ मिलते हैं। ऐसा माना जाता है कि लड्डू गोपाल की पूजा से विशेष फल मिलते हैं। इस दिन लोग विधान से लड्डू गोपाल को स्नान कराते हैं और उनकी सेवा की जाती है जिससे उनकी कृपा दृष्टि सदैव बनी रहती है।
हिंदू धर्म में लड्डू गोपाल कौन हैं?
लड्डू गोपाल भगवान कृष्ण का बाल रूप हैं, जो हिंदू धर्म में सबसे प्रिय देवताओं में से एक माने जाते हैं। उन्हें अक्सर एक चंचल बच्चे के रूप में दिखाया जाता है, जिसके हाथ में मक्खन या मिठाई होती है। लड्डू गोपाल मासूमियत, खुशी, दिव्य प्रेम और समृद्धि का प्रतीक हैं। भक्त उन्हें एक प्यारे बच्चे के रूप में पूजते हैं और परिवार के सदस्य या छोटे बच्चे की तरह अपने घरों में उनकी सेवा करते हैं।
हिंदू धर्म के अनुसार, भगवान कृष्ण का जन्म मथुरा में माता देवकी और वासुदेव के घर हुआ था, लेकिन जन्म के कुछ समय बाद ही उन्हें वासुदेव गोकुल छोड़ आए। वहां माता यशोदा और नंदबाबा ने उन्हें बहुत प्यार से पाला-पोसा। भगवान कृष्ण का बचपन मक्खन चुराने और कई लीलाओं में बीता। उनके बाल स्वरूप की लीलाएं आज भी भक्तों के बीच प्रचलित हैं।
कैसे पड़ा कान्हा का नाम 'लड्डू गोपाल'?
लड्डू गोपाल नाम दो शब्दों से बना है: 'लड्डू' जो मिठास, मासूमियत और खुशी का प्रतीक है और 'गोपाल' जिसका अर्थ है गायों की रक्षा करने वाला। चूंकि अपने बाल रूप में श्री कृष्ण को मक्खन मिश्री और मिठाइयां खाना बहुत पसंद था और वो गायों की रक्षा करते थे, इसलिए उनका नाम लड्डू गोपाल पड़ा। आज भी भक्त उनके बाल स्वरूप को एक नटखट बालक के रूप में ही देखते हैं और उनकी पूजा करते हैं।
अगर आप भी लड्डू गोपाल की पूजा करते हैं और उनकी पसंद का भोग लगाते हैं तो आपके जीवन में भी सदैव खुशहाली बनी रहती है।
यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी पूजा मुहूर्त 2026: सर्वार्थ सिद्धि योग में मनेगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, द्वापर युग जैसा संयोग
यह भी पढ़ें- जन्माष्टमी 2026 के शुभ अवसर पर घर में लाएं कृष्ण जी की ये 5 प्रिय वस्तुएं
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
