दोस्ती के नाम पर साजिश! तरनतारन में युवक को घर से बुलाकर सिर में मारी गोली, हालत गंभीर
तरनतारन में पट्टी के युवक विशाल सिंह को उसका दोस्त घर से काम के बहाने बुलाकर ले गया। बाद में तरनतारन के पास उस पर जानलेवा हमला हुआ। गंभीर हालत में युव ...और पढ़ें

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित के पारिवारिक सदस्य।
HighLights
दोस्त ने बुलाकर 21 वर्षीय युवक को सिर में मारी गोली।
तरनतारन में जानलेवा हमला, विशाल सिंह की हालत गंभीर।
परिवार ने बताया सोची-समझी साजिश, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, तरनतार। तरनतारन जिले में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पट्टी शहर निवासी 21 वर्षीय विशाल सिंह को उसके दोस्त द्वारा घर से काम के बहाने बुलाकर ले जाने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। परिवार का आरोप है कि विशाल सिंह को साजिश के तहत अगवा कर उसके सिर में गोली मारी गई।
फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका अमृतसर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार पट्टी निवासी गुरिंदर सिंह ने अपने पिता तरसेम सिंह की मौजूदगी में बताया कि उनका परिवार मेहनत-मजदूरी कर गुजर-बसर करता है।
मंगलवार रात करीब आठ बजे विशाल सिंह को उसका एक दोस्त घर से बाहर बुलाकर ले गया। बताया गया कि किसी काम के सिलसिले में उसे रसूलपुर नहरों के पास जाना है। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर तरनतारन की तरफ रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें- ASI जोगा सिंह हत्याकांड का TTH ने वीडियो किया जारी, नए आतंकी संगठन की जांच जारी; ISI कनेक्शन की आशंका गहराई
परिवार को बताया एक्सीडेंट
परिवार के अनुसार रात करीब साढ़े नौ बजे गुरिंदर सिंह को फोन पर सूचना मिली कि उसके भाई विशाल सिंह का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वह अपने पिता के साथ तुरंत तरनतारन पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि रसूलपुर नहरों के पास पट्टी-तरनतारन रोड पर विशाल सिंह पर हमला हुआ है और उसके सिर में गोली लगने की आशंका है।
खबरें और भी
गंभीर हालत में विशाल सिंह को पहले सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बहने और हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अमृतसर के निजी अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में दहेज प्रताड़ना का मामला, बेटी पैदा होने पर बहू को घर से निकाला, पति समेत तीन पर केस दर्ज
आरोप- घटना को बताया सोची-समझी साजिश
परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग की है। गुरिंदर सिंह का आरोप है कि उसके भाई को योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर हमला किया गया। उनका कहना है कि यह केवल हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश है।
वहीं थाना सिटी पुलिस ने मामले में चार लोगों को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि युवक को गोली लगी है या किसी अन्य कारण से सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर नवदीप भट्टी ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। युवक की हालत अभी खतरे से बाहर नहीं है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।