तरनतारन में दहेज प्रताड़ना का मामला, बेटी पैदा होने पर बहू को घर से निकाला, पति समेत तीन पर केस दर्ज
तरनतारन में एक विवाहिता ने पति और ससुराल वालों पर दहेज में लग्जरी कार मांगने और बेटी पैदा होने के बाद प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
विवाहिता ने पति-ससुराल पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया।
लग्जरी कार की मांग और बेटी पैदा होने पर उत्पीड़न।
पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, तरनतारन। तरनतारन जिले में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव दुबली की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल परिवार पर दहेज में लग्जरी कार की मांग करने तथा बेटी पैदा होने के बाद प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव दुबली निवासी निर्मल सिंह की बेटी रुपमदीप कौर का विवाह 21 मार्च 2023 को अमृतसर स्थित भल्ला कालोनी निवासी अर्शदीप सिंह के साथ हुआ था। विवाह के समय लड़की पक्ष ने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर ताने देने शुरू कर दिए।
यह भी पढ़ें- जोगा सिंह को दी गई अंतिम विदाई, गांव में मातम; पुलिस ने उल्टे हथियार कर दी आखिरी सलामी
पुलिस ने पति, सास-ससुर पर मामला दर्ज किया
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति अर्शदीप सिंह, सास मनप्रीत कौर और ससुर दविंदर सिंह लगातार उसे कम दहेज लाने का ताना देते थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने लग्जरी कार की मांग रखते हुए कहा कि जब तक कार नहीं लाई जाएगी, तब तक उसे घर में सम्मान नहीं मिलेगा।
रुपमदीप कौर ने आरोप लगाया कि जब उसने बेटी को जन्म दिया तो ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक खराब हो गया। उसके पति ने कथित तौर पर कहा कि उसे बेटी नहीं बल्कि बेटा चाहिए था। इसके बाद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के बाद उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपनी बेटी के साथ मायके में रहने को मजबूर हो गई।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- AAP ने कहा- BJP फैला रही गुंडागर्दी, कांग्रेस बोली- बिट्टू ने इंस्पेक्टर का गिरेबान पकड़ा; पंजाब में फिर मचा घमासान
जांच के बाद किया मामला दर्ज
पीड़िता ने 4 अक्तूबर 2025 को पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से उप मंडल पट्टी के डीएसपी को सौंपी गई। जांच के बाद शिकायत सही पाए जाने पर बुधवार को थाना सदर पट्टी में मामला दर्ज कर लिया गया।
थाना प्रभारी गुरचरन सिंह ने बताया कि मामले की आगे की जांच महिला सब इंस्पेक्टर रुबी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है। वहीं पीड़िता और उसके परिवार ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।