विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मालेरकोटला में कांग्रेस का बूथ अभियान शुरू होते ही हंगामा, मंच पर जाने से रोका तो भिड़े दो गुट; हुई नारेबाजी

Published: Sat, 08 Aug 2026 05:29 PM (GMT+05:30)

मालेरकोटला में कांग्रेस के बूथ अभियान कार्यक्रम में मंच पर जाने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। नारेबाजी और विवाद बढ़ने पर राजा वड़िंग ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया।

कार्यकताओं को समझाने का प्रयास करते हुए पीपीसीसी प्रधान अमरिंदर सिंह राजावड़िंग।

कार्यकताओं को समझाने का प्रयास करते हुए पीपीसीसी प्रधान अमरिंदर सिंह राजावड़िंग।

HighLights

  1. मालेरकोटला में कांग्रेस के बूथ अभियान में गुटबाजी से विवाद।

  2. मंच पर जाने को लेकर दो कांग्रेस गुटों में नोकझोंक।

  3. राजा वड़िंग ने हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को शांत कराया।

संवाद सूत्र, मालेरकोटला। कांग्रेस की ओर से पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए शुरू किए गए ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत शनिवार को आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत ही गुटबाजी के कारण विवाद में घिर गई। कार्यक्रम स्थल पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब मंच पर जाने को लेकर कांग्रेस के दो गुटों के नेता और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।

दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी शुरू हो गई। विवाद उस समय शुरू हुआ जब पूर्व विधायक जसवीर सिंह जस्सी कार्यक्रम के दौरान मंच की ओर जाने लगे। वहां मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना के समर्थक कुछ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें मंच पर जाने से रोक दिया।

इसको लेकर जस्सी के समर्थकों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और कार्यक्रम स्थल पर माहौल गर्म हो गया।

यह भी पढ़ें- हादसे में 100% दिव्यांग पटियाला के डाॅक्टर को हाई कोर्ट से राहत, मुआवजा 22.91 से बढ़कर 51.64 लाख हुआ

राजा वड़िंग को खुद नीचे आना पड़ा

विवाद बढ़ता देखकर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को स्वयं मंच से नीचे आना पड़ा। उन्होंने मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शांत रहने की अपील की। राजा वड़िंग ने सभी से कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने और पार्टी हित में अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया।

उनके हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ समय तक दोनों पक्षों के समर्थकों की नारेबाजी जारी रही। पार्टी नेताओं की ओर से कार्यकर्ताओं को शांत करवाने के बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

यह भी पढ़ें- परिसीमन बिल को अकाली दल का समर्थन, PM मोदी से मुलाकात के बाद सुखबीर बादल का एलान

गुटबाजी साफ दिखी

कांग्रेस की ओर से प्रदेश में ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। इसका उद्देश्य बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को लामबंद करना है।

ऐसे समय में मालेरकोटला के कार्यक्रम में दो गुटों के समर्थकों के बीच सार्वजनिक रूप से हुआ विवाद पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला रहा। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का मुख्य विषय भी संगठन को मजबूत करने के बजाय नेताओं के समर्थकों के बीच हुई नारेबाजी और मंच को लेकर विवाद बना रहा।

यह भी पढ़ें- क्या पंजाब में कांग्रेस दोहराएगी अपना इतिहास? राहुल गांधी के दौरे से पहले हाईकमान के फैसले पर टिकी सबकी नजर