पटियाला पहुंची ईडी, पूर्व डीआईजी भुल्लर के करीबी के घर रेड; पंजाब में 11 ठिकानों पर चली छापेमारी
पटियाला केंद्रित कार्रवाई में प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व डीआईजी भुल्लर और सहयोगियों के 11 ठिकानों पर छापेमारी की। रिश्वत और अवैध संपत्ति के आरोपों में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच तेज, कई अहम सुराग मिलने के संकेत।

नाभा में कृष्णु शारदा के मोहल्ले में खड़ी ईडी विभाग की गाड़ियां और तैनात सुरक्षाकर्मी।
HighLights
ईडी ने पूर्व डीआईजी भुल्लर के ठिकानों पर छापेमारी की।
भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के आरोपों पर हुई कार्रवाई।
पंजाब-चंडीगढ़ में कुल 11 जगहों पर दबिश दी गई।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब के पटियाला में भ्रष्टाचार और अवैध संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई देखने को मिली, जब प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनके सहयोगियों से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई ने पूरे पंजाब के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई धन शोधन निवारण कानून के तहत की जा रही है। जांच एजेंसी को यह मामला पहले से दर्ज एक आपराधिक प्रकरण के आधार पर मिला था, जिसमें आरोप था कि एक केस के निपटारे के लिए बिचौलिए के माध्यम से अवैध रिश्वत मांगी गई थी। इसके साथ ही जांच में यह भी संकेत मिले कि आरोपितों के पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति मौजूद है।
पटियाला को इस पूरी कार्रवाई का केंद्र माना जा रहा है, जहां दो प्रमुख स्थानों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा नाभा में आरोपी सहयोगी कृष्णानु शारदा के घर पर भी टीम पहुंची और गहन जांच जारी है। बताया जा रहा है कि नाभा-पटियाला बाईपास स्थित इस आवास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- 'AAP में माहौल टॉक्सिक हो गया था', पार्टी छोड़ने के बाद राघव चड्ढा का बड़ा खुलासा; गिनाईं छोड़ने की वजहें
पंजाब-चंडीगढ़ में 11 जगहों पर दबिश
जांच एजेंसी ने पूरे प्रदेश में कुल 11 स्थानों पर दबिश दी है। इनमें चंडीगढ़ के दो, लुधियाना के पांच, पटियाला के दो, नाभा का एक और जालंधर का एक स्थान शामिल है। ये सभी ठिकाने आरोपितों, उनके करीबी लोगों और संदिग्ध संपत्तियों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान टीमें वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य साक्ष्य खंगाल रही हैं। एजेंसी का मुख्य उद्देश्य इस बात का पता लगाना है कि अवैध धन का प्रवाह कैसे हुआ, किन माध्यमों से संपत्ति बनाई गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- जालंधर में शॉर्ट सर्किट के चलते 'खाना खजाना वैष्णो ढाबा' में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
प्रारंभिक जांच के बाद हुई छापेमारी
प्रारंभिक जांच में कुछ अहम सुराग मिलने के बाद ही यह व्यापक कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। साथ ही, इस मामले में अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई जा रही है। फिलहाल, पटियाला सहित पूरे पंजाब में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है और माना जा रहा है कि यह मामला आने वाले दिनों में और गहराएगा।

