मुक्तसर में दंपती को बंदी बना लाखों की चोरी, कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगाई; अलमारी तोड़ सोना-नकदी चुराई
मालोट में चोरों ने दंपती को कमरे में बाहर से बंद कर घर से करीब 15 लाख रुपये का सोना और 14 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। ...और पढ़ें

घटना की जानकारी देते हुए पारिवारिक सदस्य।
HighLights
मालोट में दंपती को कमरे में बंद कर चोरी।
चोरों ने 15 लाख का सोना और 14 हजार नकद चुराए।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
संवाद सूत्र, मालोट। मुक्तसर के थाना सदर मालोट के अंतर्गत गांव मालोट में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य का सोना और नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने घर में सो रहे दंपती के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी, ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद चोरों ने बेखौफ होकर घर की अलमारी और लाकर को तोड़ा और उसमें रखा सोना तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना छह और सात अगस्त की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। पीड़ित गुरमेज सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी गांव मालोट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा सुखजीत सिंह और बेटी हरप्रीत कौर कनाडा में रहते हैं। वह अपनी पत्नी सरबजीत कौर के साथ गांव स्थित अपने घर में रहते हैं।
गुरमेज सिंह के अनुसार, छह अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे वह और उनकी पत्नी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गए थे। रात करीब डेढ़ बजे गुरमेज सिंह की नींद खुली और उन्हें शौचालय जाना था। जब उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद था।
उन्होंने कई बार दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन कुंडी बाहर से लगी होने के कारण वह नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने फोन कर पड़ोस में रहने वाले अपने भतीजे गुरवीर सिंह को सूचना दी। गुरवीर सिंह अपने पिता दर्शन सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे की बाहर से लगी कुंडी खोलकर दंपती को बाहर निकाला।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मालेरकोटला में कांग्रेस का बूथ अभियान शुरू होते ही हंगामा, मंच पर जाने से रोका तो भिड़े दो गुट; हुई नारेबाजी
अलमारी का ताला टूटा मिला
कमरे से बाहर निकलने के बाद परिवार ने पूरे घर की जांच की। इस दौरान उन्हें घर की अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। अलमारी के अंदर बना लाकर भी खुला पड़ा था। जब सामान की जांच की गई तो परिवार के होश उड़ गए।
पीड़ित के अनुसार, लाकर में करीब नौ से दस तोले सोना रखा हुआ था। इसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोर लाकर में रखे 14 हजार रुपये नकद भी चोरी कर ले गए।
परिवार ने आसपास के लोगों से भी जानकारी ली, लेकिन चोरी करने वाले चोरों का कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।
यह भी पढ़ें- हादसे में 100% दिव्यांग पटियाला के डाॅक्टर को हाई कोर्ट से राहत, मुआवजा 22.91 से बढ़कर 51.64 लाख हुआ
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलने के बाद थाना सदर मालोट की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने पीड़ित गुरमेज सिंह के बयान दर्ज करने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब वारदात के तरीके और चोरों के घर में प्रवेश करने के रास्ते की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्र में लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी खंगालने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि संदिग्धों के बारे में सुराग मिल सके।