Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जालंधर में दिनदहाड़े स्नैचिंग, नकाबपोश बाइक सवारों ने बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीनी

    Updated: Mon, 27 Apr 2026 12:05 PM (IST)

    जालंधर में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीन लीं। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी के आधार ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. जालंधर में बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े सोने की बालियां छीनीं।

    2. दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

    3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, सुरक्षा पर सवाल।

    जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर में सोमवार को दिनदहाड़े हुई स्नैचिंग की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एमएस फार्मर के पास हुई इस वारदात में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाते हुए महिला के कानों से सोने की बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गए।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपती मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वे गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आए दो अज्ञात लुटेरों ने अचानक झपट्टा मारा। इससे पहले कि दंपती कुछ समझ पाते, बदमाश महिला के कानों से सोने की बालियां छीनकर फरार हो गए।

    यह भी पढ़ें- पटियाला पहुंची ईडी, पूर्व डीआईजी भुल्लर के करीबी के घर रेड; पंजाब में 11 ठिकानों पर चली छापेमारी

    बाइकसवारों के चेहरे ढके हुए थे

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपित मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। इसके अलावा उन्होंने सिर पर कैप पहन रखी थी, ताकि उनकी पहचान न हो सके। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेजी से मोड़ की ओर भाग निकले और कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए।

    घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे काफी तेजी से भागने में सफल रहे। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- 'AAP में माहौल टॉक्सिक हो गया था', पार्टी छोड़ने के बाद राघव चड्ढा का बड़ा खुलासा; गिनाईं छोड़ने की वजहें

    पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया

    सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा की टीम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

    पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    लगातार बढ़ रही इस तरह की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की वारदातों पर लगाम लगाई जा सके।

    यह भी पढ़ें- बीएसएफ की बड़ी कामयाबी, अमृतसर सीमा पर ड्रोन से हेरोइन तस्करी की कोशिश नाकाम