विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में कांग्रेस की एकजुटता, जालंधर में रोष रैली में चन्नी ने जमकर बोला BJP पर हमला

Published: Mon, 07 Sep 2026 10:13 PM (IST)

जालंधर में कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे के मंच शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर दर्ज केस के विरोध में रोष रैली ...और पढ़ें

जालंधर में कांग्रेस की एकजुटता, चन्नी और रंधावा ने भाजपा-आप पर बोला हमला।

जालंधर में कांग्रेस की एकजुटता, चन्नी और रंधावा ने भाजपा-आप पर बोला हमला।

HighLights

  1. खरगे के मंच शुद्धिकरण पर कांग्रेस का रोष

  2. राहुल गांधी पर दर्ज केस रद करने की मांग

  3. चन्नी, रंधावा ने भाजपा-आप पर साधा निशाना

जागरण संवाददाता, जालंधर। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मंच के शुद्धिकरण और इसी मामले के विरोध पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर केस दर्ज करने के विरोध में हुई रोष रैली में कांग्रेस एकजुट नजर आई।

देश भगत यादगार हाल में हुई रोष रैली में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा भाजपा और आप पर हमलावर रहे। वहीं गुरप्रीत सिंह सेखों को पार्टी में शामिल करने के मामले में चन्नी और रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी घेरा।

चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मंच का शुद्धिकरण किया जाना भाजपा की भेदभावपूर्ण सोच का स्पष्ट प्रमाण है। यह सोच सिर्फ कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाली है। यह बराबरी, भाईचारे, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा जैसी संवैधानिक कीमतों का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि पंजाब की संस्कृति सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली है।

उन्होंने मांग की कि ऐसा करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज केस को रद किया जाए। एक दिन पहले जीरा में गुरप्रीत सिंह सेखों को आम आदमी पार्टी में शामिल करने पर पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार गैंगस्टरों को आगे करके गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा दे रही है।

भाजपा महंगाई व बेरोजगारी जैसे मुद्दों से भटका रही जनता का ध्यान

कांग्रेस विधायक परगट सिंह, बावा हैनरी, सुखविंदर सिंह कोटली व हलका इंचार्ज सुरिंदर कौर ने कहा कि मंच शुद्धिकरण की घटना संविधान की धारा 14, 15 और 17 का उल्लंघन है। संविधान देश के हर नागरिक को समानता का अधिकार देता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक बदहाली और विदेश नीति जैसे असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति कर रही है।

इस दौरान पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक, विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, जिला कांग्रेस प्रधान राजिंदर बेरी, हलका इंचार्ज करतारपुर राजिंदर सिंह, हलका इंचार्ज नकोदर नवजोत दहिया, पूर्व विधायक सुरिंदर चौधरी, विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल, पूर्व विधायक संतोख सिंह भलाईपुर, बब्बू नीलकंठ, महिला कांग्रेस प्रधान प्रोफेसर अनुराधा बंगा, डॉ. जसलीन सेठी, पवन कुमार, बंटी नीलकंठ, रवीश राज शर्मा, दीपक खोसला, अंगद दत्ता, शुभम अरोड़ा समेत पार्टी पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

‘एक संगत और पंगत’ में कांग्रेस का विश्वास रंधावा

सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब के लोग जातपात में विश्वास नहीं रखते। सभी मिलकर एक संगत और एक पंगत में बैठते हैं। दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पंजाब में चरणजीत सिंह चन्नी सभी हमारे भाई हैं।

देश को बांटने वाली ऐसी बातों की कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। रंधावा ने कहा कि मंच का शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ और उनको सपोर्ट करने वाले लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की बैठक से चरणजीत चन्नी दूर, पंजाब कांग्रेस में सियासी हलचल तेज; सचिन पायलट अगले हफ्ते पंजाब दौरे पर