विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पार्टी को नई ऊर्जा...', सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने पर कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत; चन्नी ने खास अंदाज में दी बधाई

Published: Sat, 05 Sep 2026 11:27 PM (IST)

कांग्रेस हाईकमान ने सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने इस फैसले ...और पढ़ें

सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने पर चन्नी ने खास अंदाज में दी बधाई। फाइल फोटो

सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने पर चन्नी ने खास अंदाज में दी बधाई। फाइल फोटो


डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। कांग्रेस हाईकमान की ओर से सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी महासचिव नियुक्त किए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी है।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई नेताओं ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर पायलट को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने उम्मीद जताई कि पायलट के अनुभव और सक्रिय नेतृत्व से पंजाब कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में मजबूती मिलेगी।

कांग्रेस संगठन को नई मजबूती 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सचिन पायलट को पंजाब का एआइसीसी महासचिव प्रभारी नियुक्त किए जाने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा और गतिशीलता कुछ ही महीनों बाद होने वाले महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी में नई ऊर्जा का संचार करेगी।

वड़िंग ने निवर्तमान प्रभारी भूपेश बघेल का भी पंजाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने के लिए आभार जताया।

सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी पायलट का स्वागत करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व, अनुभव और लोगों के साथ मजबूत जुड़ाव पंजाब में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती और दिशा देगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस के प्रभारी से भूपेश बघेल की छुट्टी, सचिन पायलट को मिली कमान; राहुल गांधी के दौरे से पहले बड़ा फेरबदल

चन्नी ने पंजाबी अंदाज में किया स्वागत

पूर्व मुख्यमंत्री एवं चुनाव कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर सचिन पायलट का पंजाब कांग्रेस के प्रभारी महासचिव के रूप में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए पायलट का पंजाबी अंदाज में स्वागत किया।

पंजाब कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट डा. राजकुमार वेरका ने भी पायलट की नियुक्ति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समय-समय पर संगठन में बदलाव करती रहती है।

सचिन पायलट पंजाब और यहां के नेताओं को बेहतर तरीके से जानते हैं। ऐसे में उनकी नियुक्ति से 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत की संभावनाओं को और मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें- सचिन पायलट के सामने पंजाब में बड़ी चुनौती, वड़िंग और चन्नी गुट के बीच तालमेल बैठाना होगी सबसे बड़ी परीक्षा