विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी से भूपेश बघेल की छुट्टी, सचिन पायलट को मिली कमान; राहुल गांधी के दौरे से पहले बड़ा फेरबदल

Published: Sat, 05 Sep 2026 09:32 PM (IST)

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने भूपेश बघेल को पंजाब कांग्रेस प्रभारी पद से हटाकर सचिन पायलट को नई जिम्मेदारी सौंपी ...और पढ़ें

भूपेश बघेल की छुट्टी, सचिन पायलट को मिली कमान। फाइल फोटो

भूपेश बघेल की छुट्टी, सचिन पायलट को मिली कमान। फाइल फोटो

HighLights

  1. भूपेश बघेल को पंजाब कांग्रेस प्रभारी पद से हटाया गया।

  2. सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया।

  3. राहुल गांधी के दौरे से पहले गुटबाजी खत्म करने का प्रयास।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल को हटाकर सचिन पायलट को नई जिम्मेदारी सौंप है। इस संबंध में शनिवार देर शाम कैसी वेणुगोपाल की ओर से आदेश जारी कर दिए गए। पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही गुटबाजी का असर अब पार्टी के प्रभारी स्तर पर भी दिखाई देने लगा है।

कांग्रेस हाईकमान ने वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल को पंजाब कांग्रेस मामलों के प्रभारी पद से हटा दिया है। उनकी जगह राजस्थान के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से ठीक पहले हुए इस बदलाव को प्रदेश कांग्रेस में जारी खींचतान को खत्म करने की हाईकमान की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रभारी बदलने की मांग हुई थी तेज

भूपेश बघेल पिछले कुछ समय से पंजाब कांग्रेस में सक्रिय थे और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कर संगठन को एकजुट करने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधायक परगट सिंह और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु समेत कई नेताओं ने इन बैठकों से दूरी बनाए रखी।

इन नेताओं की ओर से हाईकमान के समक्ष बघेल की कार्यप्रणाली और उनकी रिपोर्टिंग को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। इसके बाद प्रभारी बदलने की मांग तेज हो गई थी।

दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले जुलाई के पहले सप्ताह में कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब संगठन से जुड़ी कई समितियों का गठन किया था और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को दोबारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया था। वड़िंग की दोबारा नियुक्ति के बाद पार्टी के भीतर विरोध खुलकर सामने आया। रंधावा समेत कई नेताओं ने नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठाई। रंधावा ने यहां तक कहा था कि पार्टी को समझौतावादी नेतृत्व की जरूरत नहीं है।

यह भी पढ़ें- 'पार्टी को नई ऊर्जा...', सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने पर कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत; चन्नी ने खास अंदाज में दी बधाई

सचिन पायलट की नियुक्ति अहम

इसी बीच पंजाब जागरण ने पहले ही संकेत दिया था कि गुटबाजी के चलते पंजाब कांग्रेस में बड़ा फेर बदल होना संभव है। अब बघेल को हटाए जाने के बाद उस चर्चा को और बल मिला है। राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले सचिन पायलट की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।

पार्टी के भीतर अब यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि आने वाले दिनों में पंजाब कांग्रेस संगठन में और बदलाव हो सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चन्नी गुट हाईकमान के इस फैसले के बाद राजा वड़िंग के साथ मिलकर चलेगा या पंजाब कांग्रेस में खींचतान आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- सचिन पायलट के सामने पंजाब में बड़ी चुनौती, वड़िंग और चन्नी गुट के बीच तालमेल बैठाना होगी सबसे बड़ी परीक्षा