Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में बुजुर्गों का मजबूत सहारा बनी एल्डरलाइन 14567, ढाई लाख से ज्यादा शिकायतों का हुआ समाधान

    Updated: Sat, 04 Jul 2026 07:27 AM (IST)

    पंजाब सरकार ने बताया कि एल्डरलाइन 14567 के जरिए अब तक ढाई लाख से अधिक कॉलों का निस्तारण किया गया है। हेल्पलाइन ने बेसहारा बुजुर्गों के रेस्क्यू, कानून ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. एल्डरलाइन 14567 ने 2.5 लाख से अधिक शिकायतें सुलझाईं।

    2. 91 बेसहारा बुजुर्गों को रेस्क्यू कर परिवारों से मिलाया गया।

    3. दुर्व्यवहार और भरण-पोषण के 1000 से अधिक मामले निपटाए।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 'एल्डरलाइन 14567' हेल्पलाइन को प्रभावी ढंग से संचालित किया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डाॅ. बलजीत कौर ने शुक्रवार को बताया कि यह हेल्पलाइन राज्य के बुजुर्गों के लिए भरोसेमंद सहायता केंद्र के रूप में उभरी है। अब तक पंजाब भर से प्राप्त 2.5 लाख से अधिक कॉलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है।

    डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि हेल्पलाइन के माध्यम से 91 बेसहारा बुजुर्गों का रेस्क्यू कर उन्हें उनके परिवारों से मिलाया गया है। इसके अलावा बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार और भरण-पोषण (मेंटेनेंस) से जुड़े 1,000 से अधिक मामलों का समाधान भी कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से प्रभावित वरिष्ठ नागरिकों को समय पर राहत मिली है और उनका सम्मान बहाल हुआ है।

    मंत्री ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उन्हें सम्मान, सुरक्षा तथा संवेदनशील व्यवहार मिलना चाहिए। पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि राज्य का कोई भी वरिष्ठ नागरिक स्वयं को उपेक्षित, असुरक्षित या बेसहारा महसूस न करे। उन्होंने कहा कि 'एल्डरलाइन 14567' केवल एक हेल्पलाइन नहीं, बल्कि जरूरत के समय भरोसे, मार्गदर्शन और त्वरित सहायता का प्रभावी माध्यम है।

    यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के विरोध में सड़कों पर उतरे मुस्लिम, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

    सुबह 8 से शाम 8 बजे तक हेल्पलाइन उपलब्ध

    उन्होंने बताया कि पंजाब में इस हेल्पलाइन का संचालन सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, हेल्पएज इंडिया तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डिफेंस (एनआईएसडी) के त्रिपक्षीय समझौते के तहत किया जा रहा है। यह टोल-फ्री सेवा सप्ताह के सातों दिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहती है, जहां प्रशिक्षित कॉल अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायता और परामर्श प्रदान करते हैं।

    खबरें और भी

    योजनाओं के बारे में जान सकते हैं बुजुर्ग

    हेल्पलाइन के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, पेशेवर काउंसलिंग, कानूनी सहायता, बेसहारा बुजुर्गों के रेस्क्यू एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही 'माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007' के तहत गठित जिला ट्रिब्यूनलों के माध्यम से दुर्व्यवहार, उपेक्षा और भरण-पोषण से जुड़े मामलों के समाधान में भी सहायता दी जाती है।

    यह भी पढ़ें- चन्नी के घर बगावती मीटिंग के बाद फैसला, राजा वडिंग के खिलाफ हाईकमान से बात करने के लिए बनी स्पेशल कमेटी

    हेल्पलाइन से मिली त्वरित कानूनी सहायता

    कैबिनेट मंत्री ने लोगों से अपील की कि यदि किसी बुजुर्ग के साथ दुर्व्यवहार, उपेक्षा या किसी प्रकार की समस्या की जानकारी मिले तो तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन 14567 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा संवेदनशील और समावेशी समाज बनाना है, जहां प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ जीवन व्यतीत कर सके।

    यह भी पढ़ें- लुधियाना में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को तेज रफ्तार कार ने कुचला, 10 मीटर तक घसीटा; मौके पर दर्दनाक मौत