World Badminton Championship: पीवी सिंधू के सामने नहीं टिक सकी आयरिश खिलाड़ी, भारतीय शटलर्स ने किया दमदार प्रदर्शन
दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने पहले दौर में आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेमों में हराया। इसके अलावा भारतीय डबल्स जोड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा।

पीवी सिंधू
HighLights
पीवी सिंधू ने सोफिया नोबल को सीधे गेमों में हराया
जॉली-गोपीचंद की जोड़ी ने आसान जीत दर्ज की
हरिहरन अमसाकरुणन-एमआर अर्जुन दूसरे दौर में पहुंचे
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू आसानी से दूसरे दौर में पहुंचीं। जॉली-गायत्री ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में आगे जगह बनाई।
सिंधू ने सोमवार को आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेमों में हराकर बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में ऐतिहासिक छठे पदक की अपनी दावेदारी की शानदार शुरुआत की और महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में प्रवेश किया। अब दूसरे दौर में सिंधू का सामना कनाडा की वेन यू झांग से होगा, जिन्होंने बुल्गारिया की स्टेफानी स्टोएवा को 21-7, 21-19 से हराया।
सिंधू रच सकती हैं इतिहास
नौवीं वरीयता प्राप्त सिंधू ने नोबल को 21-7, 21-11 से हराया। सिंधू के नाम विश्व चैंपियनशिप में पहले ही पांच पदक हैं, जिसमें दो कांस्य, दो रजत और 2019 में जीता स्वर्ण पदक शामिल है।
मौजूदा प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचते ही सिंधू कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लेंगी और विश्व चैंपियनशिप के इतिहास में छह पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।
सिंधू शुरुआत से रही हावी
सिंधू ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने अपने अनुभव और धैर्यपूर्ण खेल से नोबल को कोर्ट पर काफी परेशान किया और उनकी गलतियों का फायदा उठाया। पहले गेम के ब्रेक तक सिंधू 11-2 से आगे थीं और उन्होंने आसानी से गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में नोबल ने बेहतर प्रदर्शन किया और सिंधू को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, सिंधू ने ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने कोई मौका नहीं दिया और शानदार ड्राप शाट तथा स्मैश के जरिए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। उन्होंने 29 मिनट में जीत दर्ज की।
जोली-गायत्री और हरिहरन-अर्जुन भी आगे
राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने भी महिला डबल्स के पहले दौर में आसान जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज को 21-9, 21-13 से हराया। दूसरे दौर में 16वीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी का सामना अमेरिका की लारेम लैम और एलिसन क्विन ली से होगा।
टूर्नामेंट में भारत की ओर से पहले मुकाबले में उतरे हरिहरन अमसाकरुणन और एमआर अर्जुन भी दूसरे दौर में पहुंच गए। स्काट गिल्डिया और पाल रेनाल्ड्स की जोड़ी ने 21-16, 6-4 से पिछड़ने के बाद मुकाबले से हटने का फैसला किया। अब हरिहरन-अर्जुन का सामना 15वीं वरीयता प्राप्त कोरिया के मिन ह्युक कांग और डोंग जू की से होगा, जिन्हें पहले दौर में बाई मिली थी।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारत की स्टार पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को भी पहले दौर में बाई मिली है। दूसरे दौर में उनका सामना स्काटलैंड के अलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल से होगा।
यह भी पढ़ें- 17 साल बाद भारत में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप, इतिहास रचने उतरेंगी 5 बार की मेडल विजेता पीवी सिंधु
यह भी पढ़ें- विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण करने को तैयार चार भारतीय शटलर
