विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रगनानंद और गुकेश ने आर्मागेडन में दर्ज की जीत, दिव्या देशमुख ने मौजूदा विश्व चैंपियन को हराया

Updated: Tue, 26 May 2026 07:36 PM (IST)

भारतीय शतरंज खिलाड़ी आर प्रगनानंद और डी गुकेश ने नॉर्वे शतरंज 2026 में अपने क्लासिकल मैच ड्रॉ खेलने के बाद आर्मागेडन टाई-ब्रेक में जीत हासिल की। महिला वर्ग में दिव्या देशमुख ने विश्व चैंपियन जू वेनजुन को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, ओस्लो: नॉर्वे शतरंज 2026 में भारतीय खिलाड़ी आर प्रगनानंद और विश्व चैंपियन डी गुकेश दोनों ने अपने-अपने पहले क्लासिकल मैच ड्रॉ खेले। इसके बाद हुए आर्मागेडन टाई-ब्रेक में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और जीत हासिल करके अपने अभियान की बेहतरीन शुरुआत की। वहीं, दिव्या देशमुख ने विश्व चैंपियन वेनजुन को शिकस्त दी।

प्रगनानंद ने आक्रामक प्रदर्शन के साथ टाईब्रेकर में वेस्ली सो को हराया, तो गुकेश ने क्लासिकल मुकाबले में मुश्किल एंडगेम से बचने के बाद विंसेंट कीमर के विरुद्ध शानदार वापसी की। हालांकि, शुरुआती राउंड का सबसे बड़ा उलटफेर तब हुआ जब अलीरेजा फिरौजा ने क्लासिकल शतरंज में विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन को चौंका दिया।

रोमांचक रहा मुकाबला

प्रगनानंद और वेस्ली सो ने क्लासिकल बाजी खेला जो एक तनावपूर्ण मुकाबले के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुई। इसके बाद आर्मागेडन टाई-ब्रेक में प्रगनानंदा ने तेज और आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने खेल की गति बढ़ाई और लगातार दबाव बनाते हुए बेहतर चालें खेलीं, जिससे उन्हें बोनस प्वाइंट्स हासिल करने में मदद मिली और उन्होंने निर्णायक गेम अपने नाम कर लिया।

गुकेश का सामना जर्मनी के विंसेंट कीमर से हुआ। मैच के एंडगेम में ऐसा लग रहा था कि कीमर जीत के करीब हैं और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन गुकेश मुश्किल में पड़ गए हैं, लेकिन गुकेश ने शानदार धैर्य और मजबूत डिफेंस दिखाते हुए हार टाल दी और मुकाबले को ड्रॉ कराने में सफल रहे। इसके बाद आर्मागेडन टाई-ब्रेक में उन्होंने उसी आत्मविश्वास के साथ खेल जारी रखा और बाजी पलटते हुए शानदार जीत दर्ज की।

दिव्या ने खेला शानदार मुकाबला

महिला वर्ग में जू वेनजुन और दिव्या देशमुख का मैच भी तनाव से भरे मुकाबले के बाद ड्रॉ पर खत्म हुआ। दिव्या ने आर्मागेडन के निर्णायक गेम में जबरदस्त प्रदर्शन किया और आर्मागेडन टाईब्रेक गेम जीत लिया। वहीं, बिबिसारा अस्सौबायेवा ने क्लासिकल शतरंज में भारत की नंबर एक खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को मात दी।

यह भी पढ़ें- 'मेरा प्रदर्शन बेहद खराब, आलोचनाएं सही हैं', लगातार मिल रही हार से निराश दिखे डी गुकेश

यह भी पढ़ें- Norway Chess: भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे गुकेश-प्रगनानंद, नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन भी हिस्सा लेंगे