वैभव सूर्यवंशी के बाद समस्तीपुर के इशांत का जलवा, बिहार जूनियर बैडमिंटन टीम में हुआ चयन
Bihar Junior Badminton Team: समस्तीपुर के इशांत राज का चयन बिहार की जूनियर (अंडर-19) बैडमिंटन टीम में हुआ है। वे ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी और इशांत राज। फाइल फोटो
संवाद सहयोगी, समस्तीपुर। Samastipur Badminton Player Ishant Raj: खेल जगत में समस्तीपुर के युवा सितारे लगातार राष्ट्रीय पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
क्रिकेट के मैदान पर वैभव सूर्यवंशी और अनुकूल राय के शानदार प्रदर्शन के बाद अब बैडमिंटन कोर्ट से भी जिले के लिए सुखद खबर आई है। समस्तीपुर के प्रतिभावान शटलर इशांत राज का चयन बिहार की जूनियर (अंडर-19) बैडमिंटन टीम में किया गया है।
भुवनेश्वर में होगा मुकाबला
इशांत अब ओडिशा के भुवनेश्वर में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली ईस्ट जोन इंटर स्टेट जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समस्तीपुर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव तरुण कुमार ने बताया कि इशांत ने 25 से 31 अगस्त तक पटना में आयोजित विशेष चयन शिविर में भाग लिया था। उनके शानदार ट्रैक रिकॉर्ड और हालिया उत्कृष्ट खेल के आधार पर चयन समिति ने उन्हें राज्य टीम में जगह दी है।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
इससे पहले इशांत राज ने इसी वर्ष आयोजित नेशनल जूनियर (अंडर-17) बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय कर अपनी क्षमता साबित की थी।
उनके राज्य टीम में चुने जाने पर समस्तीपुर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष पंकज ज्योति, कोच नवीन कुमार और अन्य पदाधिकारियों ने हर्ष जताया है। जिले के खेल प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इशांत को बधाई देते हुए आगामी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक जीतने की शुभकामनाएं दी हैं।
