Indonesia Masters: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने किया कड़ा संघर्ष, सिंधू, लक्ष्य और श्रीकांत ने अगले दौर में किया प्रवेश
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए बुधवार का दिन इंडोनेशिया मास्टर्स में संघर्षभरा बीता। पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत ...और पढ़ें

पीवी सिंधू
HighLights
पीवी सिंधू ने जापान की मनामी सुइजु को मात दी
किदांबी श्रीकांत ने कोकी वातानाबे को परास्त किया
लक्ष्य सेन ने वांग त्जु वेई को कड़े मैच में हराया
जकार्ता, प्रेट्र। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत बुधवार को इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में कुछ विषम परिस्थितियों से गुजरने के बाद दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे।
पांचवीं वरीयता प्राप्त सिंधू ने महिला सिंगल्स के पहले दौर के मैच में जापान की मनामी सुइजु पर 53 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 22-20 21-18 से जीत दर्ज की।
वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 33वें स्थान पर काबिज श्रीकांत ने एक कड़े मुकाबले में जापान के विश्व में नंबर 22 कोकी वातानाबे को एक घंटे 12 मिनट में 21-15, 21-23, 24-22 से हराया। अब उनका मुकाबला चौथे वरीयता प्राप्त चोउ तिएन चेन से होगा, जिन्होंने आयरलैंड के न्हाट गुयेन को 21-14, 21-15 से हराया।
सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने अपने अभियान की शुरुआत पहले दौर में चीनी ताइपे के वांग त्जु वेई पर 21-13 16-21 21-14 की जीत के साथ की। उनका अगला मुकाबला हांगकांग के जेसन गुनावन से होगा।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों में अनमोल खरब ने चीनी ताइपे के पाई यू पो पर सीधे गेम में 21-16, 21-17 से जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि आयुष शेट्टी, एचएस प्रणय और किरण जॉर्ज पहले ही दौर में बाहर हो गए।
