एशियन गेम्स 2026 में होटल के अलावा क्रूज और कंटेनर में भी ठहरेंगे खिलाड़ी
एशियाई खेल 2026 में खिलाड़ियों के ठहरने के लिए जापान होटल के अलावा कंटेनर और एक विशाल इतालवी क्रूज जहाज कोस्टा सेरेना का उपयोग करेगा।

एशियन गेम्स 2026

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। एशियाई खेल 2026 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले इस खेल आयोजन में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस बार एशियाई खेलों में खेलों के साथ-साथ खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था भी खास आकर्षण का केंद्र रहने वाली है।
हजारों एथलीट और अधिकारी होटल के अलावा कंटेनर और क्रूज जहाज में भी ठहरेंगे। खास बात यह है कि एक विशाल इतालवी क्रूज जहाज कोस्टा सेरेना को अस्थायी खेल गांव के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। यह जहाज 15 सितंबर से चार अक्टूबर तक नागोया के किंजो पियर पर खड़ा रहेगा। इस दौरान यह हजारों खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवास का काम करेगा।
जापान ने जहाज को बनाया अस्थायी आवास
दरअसल, किसी बड़े खेल आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के लिए एक विशाल गांव तैयार करना मेजबान शहर के लिए बड़ी चुनौती होती है। इसके लिए बड़ी संख्या में इमारतें और बुनियादी ढांचा तैयार करना पड़ता है, जिस पर भारी रकम खर्च होती है। खेल समाप्त होने के बाद इन सुविधाओं के पूरी तरह इस्तेमाल होने की गारंटी भी नहीं होती। ऐसे में जापान ने मौजूदा संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए क्रूज जहाज को ही अस्थायी आवास में बदलने का विकल्प चुना है।
जहाज की क्या है खासियत?
- 17 हजार से अधिक एथलीट और सपोर्ट स्टाफ लेंगे एशियाई खेलों में हिस्सा
- 2019 में इटली के नेपल्स में आयोजित समर यूनिवर्सियाड के दौरान कोस्टा विक्टोरिया और एमएससी लिरिका क्रूज जहाजों को अस्थायी आवास के रूप में इस्तेमाल किया गया था
- 4,000 से अधिक प्रतिनिधियों को इन जहाज पर ठहराने की व्यवस्था की गई थी
- 2007 में निर्माण किया था इतालवी जहाज निर्माता फिनकैंटिएरी ने कोस्टा सेरेना का
- 14 डेक वाले इस जहाज में करीब 5,000 लोगों के ठहरने की क्षमता है
- 2025 में जहाज के नवीनीकरण कार्यक्रम के तहत करीब 2199 करोड़ रुपये खर्च किया गया
- 15 सितंबर से चार अक्टूबर तक किंजो पियर पर खड़ा रहेगा यह जहाज। हजारों खिलाड़ियों तथा अधिकारियों को अस्थायी आवास उपलब्ध कराएगा
- 284 करोड़ रुपये में यानी 3 करोड़ डालर में की है इस चार्टर की व्यवस्था जेटीबी के नागोया बिजनेस डिवीजन ने
यह भी पढ़ें- 'खुद कर लें व्यवस्था', जापान ने एशियन गेम्स में क्रिकेट टीमों के होटल विवाद पर दी सफाई
