सुंदरगढ़ के गुरुंडिया में सड़क हादसा: 40 यात्रियों से भरी बस पलटी, 25 से अधिक लोग घायल
सुंदरगढ़ जिले के मधुपुर के पास एक निजी बस पलटने से 25 से अधिक यात्री घायल हो गए।

सुंदरगढ़ में पलटी बस। (जागरण)
HighLights
निजी बस मधुपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल, कई महिलाएं शामिल।
गंभीर घायलों को राउरकेला रेफर, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, राउरकेला। सुंदरगढ़ जिले के गुरुंडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुपुर के पास एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पलटने से 25 से अधिक यात्री घायल हो गए।
इस भीषण हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर गुरुंडिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल हुए यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निजी बस 40 से अधिक यात्रियों को लेकर झारसुगुड़ा से बणई की ओर जा रही थी। इसी दौरान गुरुंडिया थाना क्षेत्र के मधुपुर के समीप बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई।
महिलाओं की संख्या ज्यादा
बताया जा रहा है कि इस हादसे में घायल होने वाले यात्रियों में बड़ी संख्या महिलाओं की है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के कर्मचारी फौरन घटनास्थल पर पहुंच गए।

स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एंबुलेंस तथा मौके पर उपलब्ध अन्य वाहनों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन द्वारा घायलों के त्वरित और समुचित इलाज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
फिलहाल, बस के अनियंत्रित होने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में CBI का एक्शन: 12000 रिश्वत लेते धराया EMRS का प्रिंसिपल, ANM से मांगी थी घूस
