ओडिशा में CBI का एक्शन: 12000 रिश्वत लेते धराया EMRS का प्रिंसिपल, ANM से मांगी थी घूस
नुआपड़ा के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के प्राचार्य सी. कृष्ण मूर्ति नायडू को सीबीआई ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के प्राचार्य सी. कृष्ण मूर्ति नायडू। (जागरण)
HighLights
EMRS प्राचार्य सी. कृष्ण मूर्ति नायडू रिश्वत लेते गिरफ्तार।
सीबीआई ने नुआपड़ा में 12 हजार रुपये के साथ पकड़ा।
महिला एएनएम के सेवा विस्तार हेतु रिश्वत की मांग।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के नुआपड़ा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के प्राचार्य सी. कृष्ण मूर्ति नायडू को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
प्राचार्य पर विद्यालय में कार्यरत एक महिला सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) के सेवा विस्तार की सिफारिश करने के एवज में 20 हजार रुपये मांगने का आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और सात अक्टूबर की शाम उसे कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
सीबीआई के अनुसार, इस मामले में सात अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया था कि प्राचार्य ने एएनएम के रूप में उसकी सेवा अवधि बढ़ाने की सिफारिश करने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की थी। बातचीत के बाद प्राचार्य 12 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया।
इसके बाद सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम ने सात अक्टूबर की शाम जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान प्राचार्य को शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
नुआपड़ा की अदालत में पेशी
गिरफ्तारी के बाद आरोपित प्राचार्य को नुआपड़ा की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। बाद में पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर भुवनेश्वर लाया गया।
सीबीआई मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की मांग किन परिस्थितियों में की गई थी और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
सीबीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है। विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद एजेंसी ने जाल बिछाकर आरोपित को रिश्वत लेते हुए पकड़ा। मामले में आगे की जांच जारी है।
