ओडिशा में गर्भवती युवती की शादीशुदा प्रेमी ने की हत्या, 'दृश्यम' स्टाइल में आंध्र प्रदेश में दफनाया शव
ओडिशा के कोरापुट की एक युवती की आंध्र प्रदेश में उसके लिव-इन पार्टनर ने हत्या कर दी। आरोपी ने शव को 'दृश्यम' फिल्म की तरह छिपाकर दफनाया, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा किया।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
ओडिशा की युवती की आंध्र प्रदेश में लिव-इन पार्टनर ने की हत्या।
गर्भवती प्रेमिका के शव को दो दिन छिपाकर दफनाया गया।
पुलिस ने 'दृश्यम' स्टाइल हत्या का साइबर जांच से किया खुलासा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के कोरापुट जिले की एक युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में सामने आए इस मामले में पुलिस को हत्या और शव छिपाने का तरीका फिल्म 'दृश्यम' की याद दिला रहा है। मृतका ओडिशा के कोरापुट जिले के दसमंतपुर क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, युवती आंध्र प्रदेश के एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरोप है कि युवक ने उसकी हत्या करने के बाद शव को दो दिनों तक छिपाकर रखा और बाद में गजपतिनगरम क्षेत्र में दफना दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच की मदद से मामले का पर्दाफाश करते हुए शव बरामद कर लिया।
दो बीबी होने के बाद तीसरा संबंध
पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की पहले से दो पत्नियां हैं। इसके बावजूद उसने कोरापुट की युवती को प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ रखा था। बताया जा रहा है कि युवती गर्भवती भी थी।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी और मृतका दोनों का संबंध कोरापुट जिले के सेमिलीगुड़ा थाना क्षेत्र से रहा है। इसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने थे। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
आंध्र प्रदेश पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई तथा शव को छिपाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही। घटना के सामने आने के बाद कोरापुट क्षेत्र में भी शोक और आक्रोश का माहौल है।

