विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर में पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट, ओडिशा में 1 की जान गई और 4 की हालत गंभीर

Published: Thu, 08 Oct 2026 05:30 PM (IST)

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में दीपावली की तैयारियों के बीच पटाखे बनाते समय हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

पटाखा बनाते समय हुआ विस्फोट। (AI Generated Image)

पटाखा बनाते समय हुआ विस्फोट। (AI Generated Image)

HighLights

  1. जगतसिंहपुर में पटाखे बनाते समय हुए विस्फोट में एक की मौत।

  2. हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

  3. पुलिस घटना के कारणों और पटाखे बनाने के लाइसेंस की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। दीपावली में अभी एक महीने का समय बाकी है, लेकिन त्योहार की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

लोग जहां रोशनी के पर्व को धूमधाम से मनाने की योजना बना रहे हैं, वहीं पटाखे बनाने वाले कारीगर और कारोबारी भी इसकी तैयारी में जुट गए हैं।

इस बीच, ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में गुरुवार दोपहर पटाखे बनाते समय हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा तिरतोल थाना क्षेत्र के महील गांव में हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि मकान की दीवारों में दरारें पड़ गईं और घर के अंदर रखा सामान बिखर गया।

जानकारी के अनुसार, महील गांव में मनोरंजन स्वाईं के घर में गुरुवार दोपहर पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश पटाखों में विस्फोट होने लगा।

अचानक हुए धमाकों से घर में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद परिवार के सदस्यों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन वे सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके। पटाखों की आग की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।

धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने मनोरंजन स्वाईं को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जगतसिंहपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चार घायल अस्पताल में भर्ती

पुलिस के अनुसार, इस हादसे में मनोरंजन स्वाईं की मौत हुई है। घायलों की पहचान सौम्या साहिल स्वाईं, शुभलक्ष्मी स्वाईं, भाग्यलक्ष्मी स्वाईं और राहुल राज महंत के रूप में हुई है। चारों का जगतसिंहपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हालांकि, मनोरंजन स्वाईं के पास पटाखे बनाने का लाइसेंस था या नहीं, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

विस्फोट के कारण मकान की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और घर के अंदर रखे सामान क्षतिग्रस्त होकर बिखर गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों और पटाखे बनाने से संबंधित अनुमति के पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- छात्र संघ चुनाव से पहले ओडिशा के व्यासनगर कॉलेज परिसर में बम धमाके, दहशत में स्टूडेंट