विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update Today: दिल्ली-यूपी समेत 20 राज्यों में घना कोहरा, मैदानी इलाकों में बारिश तो पहाड़ों पर होगी बर्फबारी; पढ़ें वेदर अपडेट

Updated: Wed, 15 Jan 2025 08:02 AM (IST)

दिल्ली में आज (बुधवार) घना कोहरा छाया हुआ है। घने कोहरे के कारण लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और रास्तों पर विजिबिलिटी बिल्कुल जीरो हो ...और पढ़ें

Weather Update Today: दिल्ली-यूपी समेत 20 राज्यों में घना कोहरा
Weather Update Today: दिल्ली-यूपी समेत 20 राज्यों में घना कोहरा

HighLights

  1. दिल्ली में छाया घना कोहरा
  2. कोहरे के साथ ही शीतलहर से भी लोग परेशान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में इस वक्त कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। वहीं घने कोहरे का कहर भी देखने को मिल रहा है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में इतना घना कोहरा (Dense Fog) छाया हुआ है कि चारों तरफ कुछ नहीं दिखाई दे रहा। पूरी दिल्ली कोहरे की चादर में लिपटी हुई दिखाई दे रही है।

घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी लगभग जीरो हो गई है, जिस वजह से सड़कों पर पास का भी कुछ नहीं दिख रहा है। घने कोहरे के साथ शीतलहर से भी लोग परेशान हैं। दिल्ली में ठंडी हवाओं की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है।

IMD ने जारी किया दिल्ली में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया था कि बुधवार की सुबह ज्यादातर जगहों पर घना कोहरा रहेगा। हुआ भी वैसा ही, हर जगह जबरदस्त कोहरा छाया हुआ है। हालांकि शाम और रात के समय हल्की बारिश हो सकती है। 17 व 18 जनवरी को घना कोहरा छाया रहेगा। बुधवार अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 जनवरी की सुबह भी बारिश हो सकती है। दिनभर बादल छाए रहने की उम्मीद है। इससे दिन में कंपकंपी और बढ़ सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 10 डिग्री रह सकता है। 19 व 20 जनवरी को मध्यम कोहरा रहेगा।

कैसा है हिमाचल प्रदेश में मौसम?

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दे दी है। यह अगले 6 दिनों तक प्रदेश में सक्रियता दिखाएगा। मौसम विभाग ने आज से अगले छह दिनों तक प्रदेश के कई भागों में पांच दिन वर्षा-हिमपात होने का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग ने 20 जनवरी तक मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर वर्षा-हिमपात की संभावना जताई है। जबकि निचले पर्वतीय-मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 15, 17, 18 और 20 जनवरी को राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा-हिमपात की संभावना है।

बिहार में पड़ रही कड़ाके की ठंड

मंगलवार को पटना समेत जिलों के मौसम में अचानक बदलाव आने से इसका असर तापमान पर भी पड़ा है। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण सर्द पछुआ हवा के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 8 डिग्री का अंतर बना हुआ है।

तापमान में अंतर होने के कारण लोगों को दिन में कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिलेगी। पटना सहित नौ शहरों के तापमान में कम अंतर दर्ज किया गया।

अगले 48 घंटे में बिगड़ सकता है बिहार का मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण घने कोहरे के साथ तापमान में गिरावट आने से ठंड में वृद्धि की संभावना है। घने कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होगी। लोगों से इस दौरान सावधान रहने की अपील की गई है।

राजस्थान में आज बारिश के आसार

धोरों की धरती राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सिरोही में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद जैसलमेर में 4.7 डिग्री, फतेहपुर (सीकर) में 5.1 डिग्री, भीलवाड़ा और लूणकरणसर (बीकानेर) में 5.6 डिग्री, प्रतापगढ़ में 5.7 डिग्री और संगरिया में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, रात के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। 15-16 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। जोधपुर समेत 4 जिलों में स्कूलों की छुट्टियां 16 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तर भारत में ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दिल्ली-यूपी में भीषण कोहरा; बारिश का यलो अलर्ट जारी