तमिलनाडु में पिता ने अपने दो बच्चों की हत्या के बाद कर ली आत्महत्या; पत्नी के जाने के बाद था परेशान
तमिलनाडु के तूतुकुड़ी में एक पिता ने पत्नी के छोड़कर जाने से अवसादग्रस्त होकर अपने दो मासूम बच्चों को करंट लगाकर मार डाला और फिर खुद भी आत्महत्या कर ल ...और पढ़ें

तमिलनाडु में एक पिता ने अपने दोनों बच्चों की जान ली, फिर खुद आत्महत्या कर ली।
HighLights
पिता ने पत्नी के जाने से अवसाद में उठाया ये कदम।
दो मासूम बच्चों को करंट लगाकर खुद भी जान दे दी।
बुजुर्ग पिता ने पड़ोसियों की मदद से घटना का खुलासा किया।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के तूतुकुड़ी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के पुदुकोट्टाई के पास सवेरियारपुरम में एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों की करंट लगाकर जान ले ली और फिर खुद भी उसी तार से करंट लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले में पुलिस ने बताया कि अपने बच्चों की जान लेने वाला व्यक्ति अपनी पत्नी के छोड़कर चले जाने के कारण काफी परेशान था और डिप्रेशन में था, जिसके बाद उसने ऐसा कदम उठाया।
अब समझिए पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक शख्स की पहचान 40 साल के मैरी माइकल के रूप में हुई है, जो पहले ट्रक ड्राइवर का काम करता था। वहीं उसके बच्चों की पहचान 14 साल की मैरी निरोशा और 12 साल का मैरी केनिस्टन के रूप में हुई है। दोनों बच्चे एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ते थे।
पुलिस ने बताया कि लगभग छह महीने पहले माइकल की पत्नी उसे और बच्चों को छोड़कर किसी दूसरे आदमी के साथ रहने चली गई थी। इस बात से माइकल बेहद टूट चुका था। उसने ट्रक चलाना भी कम कर दिया था और कभी-कभी पेंटिंग का काम करने लगा था।
कैसे अंजाम दी वारदात?
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात को माइकल बाजार से बच्चों के लिए खाना लेकर आया। बच्चों को खाना खिलाने के बाद उसने उन्हें सोने के लिए भेज दिया। जब बच्चे सो गए, तो माइकल ने बिजली के तारों को बच्चों के शरीर से बांध दिया और उसे सीधे पावर बोर्ड से जोड़ दिया। बच्चों की मौत होने के बाद, उसने उसी तार का इस्तेमाल कर खुद की जान भी ले ली।
खबरें और भी
कैसे हुआ मामले का खुलासा, समझिए
गौरतलब है कि माइकल के 75 साल के बुजुर्ग पिता एंथनी मुथु भी उसी घर में रहते थे, जो उस रात कमरे के बाहर सो रहे थे। शनिवार की दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा अंदर से बंद रहा और कोई हलचल नहीं हुई, तो बुजुर्ग पिता को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और पुदुकोट्टाई पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर खाट पर तीनों के शव बिजली के तारों से लिपटे हुए मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तूतुकुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यहां से मिलेगी मदद
हेल्पलाइन (Helpline): यदि आप भी किसी तरह की मानसिक परेशानी से जूझ रहे हैं या फिर ऐसी समस्या झेल रहे किसी शख्स को आप जानते हैं तो नीचे दी गई जानकारी मददगार साबित हो सकती है। सरकार की हेल्पलाइन के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क किया जा सकता है।
केंद्र सरकार की आधिकारिक वेबसाइट: https://telemanas.mohfw.gov.in/home
डॉक्टरी सलाह लेने के लिए टोल फ्री नंबर पर डायल करें: 18008914416
मानसिक स्वास्थ्य सहायता और संसाधनों तक पहुंचने के लिए टेली मानसिक वेबसाइट (https://telemanas.mohfw.gov.in/home) से एप भी डाउनलोड कर सकते हैं।